Ghaziabad Sisters Suicide: ऑनलाइन गेमिंग का बढ़ता चलन अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक गंभीर मानसिक संकट का रूप लेता जा रहा है. मोबाइल-इंटरनेट ने बच्चों-युवाओं को इसकी गिरफ्त में ला दिया है. घंटों स्क्रीन से चिपके रहना, पढ़ाई और काम से दूरी बनाकर एक आभासी दुनिया में खो जाना आम बात हो गई है. ऑनलाइन गेमिंग की लत की वजह से कई युवा अपनी जान गंवा चुके हैं. ताजा मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आया है जहां तीन सगी बहनों ने ऑनलाइन कोरियन गेम की चक्कर में अपनी जान दे दी. मृतक निशिका 16 साल, प्राची 14 और पाखी 12 साल की थी.
“मम्मी-पापा सॉरी गेम नहीं छोड़ पा रही हूं”
मंगलवार देर रात तीनों बहने हाथ पकड़कर 9वीं मंजिल की बालकनी से कूद गई. एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड आर्डर आलोक प्रियदर्शी के अनुसार, तीनों ने सुसाइड किया है. बाकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. बच्चियों के पिता का कहना है कि तीनों बहनें ऑनलाइन कोरियन गेम खेलने की आदी थीं. गेम में कुल 50 टास्क थे. मंगलवार को गेम का आखिरी टास्क पूरा करने के बाद तीनों 9वें फ्लोर से कूद गई. कूदने के लिए बच्चियों ने 2 स्टेप वाली सीढ़ी का इस्तेमाल किया. पुलिस को जांच के दौरान जिस कमरे में बच्चियां सोती थी वहां से एक डायरी के अंदर से सुसाइड नोट मिला है. जिसमें लिखा है मम्मी-पापा सॉरी गेम नहीं छोड़ पा रही हूं. अब आपको यह एहसास होगा कि हम इस गेम से कितना प्यार करते थे, जिस गेम को आप छुड़वाना चाहते थे.
यह भी पढ़ें: PM इज कॉम्प्रोमाइजड पोस्टर के साथ कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन, संसद की सीढ़ियों पर नारेबाजी
“डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया”
मामले को लेकर SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने कहा कि रात करीब 2:15 बजे सूचना प्राप्त हुई कि भारत सिटी में टावर बी1 के नौवीं मंजिल की बालकनी से 3 बच्चियां कूद गई हैं. मौके पर 3 बच्चियां निशिका(16) प्राची(14) पाखी(12) की गिरने के कारण मृत्यु हो गई है. तीनों को अस्पताल लोनी भेजा गया. डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस द्वारा अन्य कार्रवाई की जा रही है.
“लड़कियां कोरियन कल्चर से प्रभावित थी”
गाजियाबाद के DCP निमिष पाटिल ने कहा कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि तीनों बच्चियों ने आत्महत्या की है. हमें एक नोट भी प्राप्त हुआ है जिसकी आधिकारिक जांच की जा रही है. जांच में किसी ऐप का नाम नहीं है लेकिन नोट में लिखा है कि लड़कियां कोरियन कल्चर से प्रभावित थी. उसी के चलते उन्होंने आत्महत्या की है. लड़कियों के पिता की 2 शादियां हुई थी, इनकी माता अलग-अलग हैं. वहीं एक चश्मदीद, अरुण कुमार ने बताया कि मैंने उन तीनों को कूदते हुए देखा. यह घटना रात करीब 2 बजे हुई. मैंने जो देखा, उसके मुताबिक उनमें से एक ने कूदने का प्लान बनाया था, और बाकी दो उसे बचाने की कोशिश में गिर गए. मैंने पुलिस को फोन किया.



