Republic Day 2026: भारत आज(26 जनवरी) 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ और स्वदेशी रूप से विकसित 105MM लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी गई. इस भव्य परेड की कमान परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार ने संभाली, जो दिल्ली एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग हैं और दूसरी पीढ़ी के सेना अधिकारी हैं. परेड के सेकंड-इन-कमांड मेजर जनरल नवराज ढिल्लों हैं, जो दिल्ली एरिया के चीफ ऑफ स्टाफ हैं और तीसरी पीढ़ी के आर्मी अधिकारी हैं.
शुभांशु शुक्ला अशोक चक्र से सम्मानित
77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान 129 हेलीकॉप्टर यूनिट के चार Mi-17 1V हेलीकॉप्टरों ने ध्वज फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए पुष्पवर्षा की. राष्ट्रीय ध्वज को लेकर चल रहे इस फॉर्मेशन का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन आलोक अहलावत ने किया. शुभारंभ कर्तव्य पथ पर 100 सांस्कृतिक कलाकारों की प्रस्तुति भी हुई. जिन्होंने ‘विश्वगुरु भारत – एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर आधारित परेड की शुरुआत की. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को भारत के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया.
यह भी पढ़ें: “घर में ही बगावत…” तेजस्वी यादव के RJD अध्यक्ष बनने पर बोले शाहनवाज हुसैन
4 भैरों बटालियन का नेतृत्व मेजर अंजुम गोरका ने किया
भारतीय वायु सेना की मार्चिंग टुकड़ी ने कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया, जबकि IAF के दो राफेल, दो सुखोई, दो मिग-29 और एक एक जगुआर लड़ाकू विमान वाली सिंदूर फॉर्मेशन ऊपर से गुज़री. 77वें गणतंत्र दिवस की परेड में भारतीय नौसेना की झांकी ने हिस्सा लिया. इस झांकी का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए और लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के ने किया. कर्तव्य पथ पर मार्च कर रहे सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट की 4 भैरों बटालियन का नेतृत्व मेजर अंजुम गोरका ने किया.
कर्तव्य पथ पर यूरोपीय संघ का दल भी दिखाई दिया
दिल्ली में कर्तव्य पथ पर यूरोपीय संघ (EU) का दल भी दिखाई दिया. यूरोपीय संघ (EU) के सैन्य दल का नेतृत्व कर्नल फ्रेडरिक साइमन स्प्रुइट ने किया. जो यूरोपीय संघ मिलिट्री स्टाफ (EUMS) के डायरेक्टर जनरल की ओर से एक सेरेमोनियल जिप्सी में सवार रहे.



