मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज से इलाज में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां भर्ती डेढ़ माह के नवजात बच्चे का अंगूठा इलाज के दौरान कट गया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मामला इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जुड़ा है, जहां एक नवजात को निमोनिया की शिकायत के चलते भर्ती किया गया था। जानकारी के अनुसार, बच्चे के हाथ में लगी सुई बदलते समय नर्स ने टेप काटने के लिए कैंची का इस्तेमाल किया, लेकिन कैंची सीधे बच्चे के अंगूठे पर लग गई और अंगूठा कटकर अलग हो गया।
अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। बच्चे की हालत को देखते हुए तुरंत वरिष्ठ डॉक्टरों को सूचित किया गया। इसके बाद नवजात को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी कर कटे हुए अंगूठे को जोड़ने का प्रयास किया।
सर्जरी के बाद हालत स्थिर
डॉक्टरों के अनुसार, समय रहते सर्जरी किए जाने से बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है। मेडिकल टीम लगातार निगरानी में रखे हुए है और संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानियां बरती जा रही हैं।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
बच्चे की मां का आरोप है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय नर्स मोबाइल फोन पर बात कर रही थी और पूरी सावधानी नहीं बरती गई। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में स्टाफ की लापरवाही के कारण उनका मासूम गंभीर हादसे का शिकार हुआ।
अस्पताल प्रशासन की सफाई
वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यह घटना इलाज के दौरान अनजाने में हुई चोट का मामला है। संबंधित विभाग द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोष पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़ें- सानिया मिर्जा का स्टाइलिश लुक , फटी जींस में सोशल मीडिया पर छाईं



