Khaleda Zia Death News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख बेगम खालिदा जिया का निधन हो गया है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खालिदा जिया के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि उनके निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। पीएम मोदी ने खालिदा जिया के परिवार और बांग्लादेश की जनता के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
भारत-बांग्लादेश रिश्तों में योगदान को किया याद
पीएम मोदी ने कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर खालिदा जिया ने अपने देश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने 2015 में ढाका में हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उन्हें खालिदा जिया से हुई गर्मजोशी भरी बातचीत आज भी याद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी सोच और विरासत दोनों देशों की साझेदारी को आगे बढ़ाती रहेगी।
Deeply saddened to learn about the passing away of former Prime Minister and BNP Chairperson Begum Khaleda Zia in Dhaka.
Our sincerest condolences to her family and all the people of Bangladesh. May the Almighty grant her family the fortitude to bear this tragic loss.
As the… pic.twitter.com/BLg6K52vak
— Narendra Modi (@narendramodi) December 30, 2025
2015 की यात्रा में हुई थी खास मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6-7 जून 2015 को बांग्लादेश की द्विपक्षीय यात्रा पर गए थे। यह यात्रा तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के निमंत्रण पर हुई थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए थे। इसी यात्रा के दौरान 7 जून 2015 को ढाका के पैन पैसिफिक सोनारगांव होटल में पीएम मोदी और विपक्षी नेता खालिदा जिया के बीच करीब 30 मिनट तक वन-टू-वन बातचीत हुई थी। इस मुलाकात में खालिदा जिया ने बांग्लादेश में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि देश में लोकतंत्र खतरे में है और इसकी बहाली के लिए भारत से सहयोग की उम्मीद जताई थी। बाद में उन्होंने इस मुलाकात को बहुत अच्छा बताया था। तत्कालीन विदेश सचिव एस जयशंकर ने उस समय कहा था कि भारत लोकतंत्र का समर्थन करता है और कट्टरवाद का विरोध करता है।
80 साल की उम्र में हुआ निधन
बेगम खालिदा जिया का आज सुबह करीब 6 बजे 80 साल की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले 20 दिनों से वेंटिलेटर पर थीं। परिवार और पार्टी नेताओं ने उनके निधन की पुष्टि की है। वे लंबे समय से सीने में संक्रमण, लिवर, किडनी, डायबिटीज, गठिया और आंखों की बीमारियों से जूझ रही थीं।
दो बार रहीं प्रधानमंत्री
खालिदा जिया 1991 से 1996 और 2001 से 2006 तक दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं। वे बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की पत्नी थीं और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की प्रमुख नेता थीं। गंभीर बीमारी के बावजूद खालिदा जिया ने सोमवार, 29 दिसंबर को बोगुरा-7 सीट से चुनावी नामांकन दाखिल कराया था। यह सीट बीएनपी के लिए बेहद अहम मानी जाती है। इसी सीट से खालिदा जिया ने 1991, 1996 और 2001 में चुनाव जीतकर संसद में जगह बनाई थी।



