PDF on Whatsapp : आपके व्हाट्सऐप पर आने वाली पीडीएफ फाइल को खोलने और पढने के लिए दिक्कत यह आती थी कि पहले पीडीएफ डाउनलोड होती फिर दूसरे ऐप पर जाकर उसे खोलना होता था तब जाकर पीडीएफ को पढा जा सकता था। लेकिन अब यह आसान हो गया है। व्हाट्सऐप ने अपने वेब और विंडोज डेस्कटॉप ऐप इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए नया फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है. कंपनी ने Adobe Acrobat के साथ इंटीग्रेशन किया है, जिसकी मदद से अब PDF फाइलों को सीधे WhatsApp चैट के अंदर ही खोला और देखा जा सकेगा. इससे डॉक्यूमेंट पर काम करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा. नए फीचर के आने के बाद किसी PDF को देखने के लिए उसे डाउनलोड करने या अलग ऐप में खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यूजर्स चैट के अंदर ही फुल स्क्रीन मोड में PDF पढ़ सकेंगे. इसके अलावा Zoom In, Zoom Out और स्क्रॉल जैसे कंट्रोल भी मिलेंगे, जिससे बड़े डॉक्यूमेंट पढ़ना आसान होगा.
कुछ जरूरी मार्कअप टूल्स भी दिए
व्हाट्सऐप में PDF खोलने के साथ ही कुछ जरूरी मार्कअप टूल्स भी दिए गए हैं. इनकी मदद से यूजर्स टेक्स्ट को हाइलाइट, अंडरलाइन या स्ट्राइकथ्रू कर सकेंगे. इसके अलावा डॉक्यूमेंट पर ड्रॉ या नोट्स भी बना सकेंगे. अगर किसी कॉन्ट्रैक्ट, बिल या फॉर्म में बदलाव करना हो, तो एडिट PDF को उसी चैट में तुरंत शेयर किया जा सकेगा.
एडवांस फीचर्स के लिए Acrobat जरूरी
अगर यूजर PDF में बड़ा बदलाव करना चाहते हैं, जैसे टेक्स्ट एडिट करना, पेज जोड़ना या हटाना, इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर लगाना या पासवर्ड सुरक्षा जोड़ना, तो इसके लिए “Edit in Acrobat” विकल्प मिलेगा. वहीं, Adobe Acrobat AI Assistant PDF का सारांश तैयार करने, सवालों के जवाब देने और जरूरी जानकारी ढूंढने में भी मदद करेगा. हालांकि, इन एडवांस फीचर्स का इस्तेमाल करने के लिए Acrobat का सब्सक्रिप्शन जरूरी होगा.
फिलहाल इन यूजर्स को मिलेगा फीचर
WhatsApp ने फिलहाल यह सुविधा WhatsApp Web और Windows Desktop App के लिए जारी की है. अभी Android, iPhone और Mac ऐप्स के लिए इस फीचर की घोषणा नहीं की गई है. अगर किसी यूजर को यह फीचर दिखाई नहीं दे रहा है, तो उन्हें अपना WhatsApp या ब्राउजर अपडेट करना पड़ सकता है.



