RTO : राजधानी में आरटीओ ने अपने विशेष अभियान में जयपुर में मॉडिफाइड वाहनों, फर्जी नंबर प्लेट और वाहनों पर लगे अनधिकृत बोर्ड, पोस्टर, लाल पट्टियों लगी गाडियों से पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर से बाहर जाने वाले प्रमुख टोल प्लाजा पर बुधवार से जांच अभियान चलाया। पहले ही दिन 1000 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जबकि 200 से ज्यादा चालान बनाए गए। आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- जांच के दौरान एक स्विफ्ट कार पर नंबर प्लेट के ऊपर ‘सचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी, राज.’ का बोर्ड लगा मिला। वाहन पर लगा यह बोर्ड नियमों के अनुरूप नहीं था। जांच के बाद कार ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। साथ ही बोर्ड हटवा दिया गया।
जगह-जगह टीमें तैनात की गईं
आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत मॉडिफाइड वाहन, फर्जी नंबर प्लेट, वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलाव, बिना परमिट संचालित वाहन और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया- राजाधोक, बगरू, शिवदासपुरा और हिंगोनिया टोल प्लाजा पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं।
अनधिकृत बोर्ड, लाल पट्टियां और बत्तियां भी हटाई
अभियान के दौरान उन वाहनों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जिन पर अनधिकृत रूप से लाल पट्टियां, राजनीतिक या सामाजिक पदों के बोर्ड, विशेष पहचान दर्शाने वाली बत्तियां और अन्य सामग्री लगाई गई है। विभाग की टीमें मौके पर ही इन्हें हटाने की कार्रवाई कर रही हैं।
यह भी पढ़ें : कानून मंत्री के गांव में ग्रामीणों पर FIR, गहलोत ने कहा-मंत्रियों और प्रशासन की भ्रष्ट हो चुकी मति
यह भी देखें: जयपुर में पेट्रोल-डीजल महंगाई पर हंगामा | हरदीप पुरी का पुतला दहन | कलेक्ट्रेट सर्किल पर प्रदर्शन



