Rajsamand News: राजस्थान के राजसमंद जिला जेल में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. उप अधीक्षक जितेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित समारोह में जेल प्रशासन, चिकित्सा अधिकारी, आरएसी जवानों और कर्मचारियों ने भाग लिया. इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 कार्मिकों को सम्मानित किया गया. जेल के भीतर बंदियों ने भी देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं.
राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत जिला जेल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई. समारोह में उप अधीक्षक जितेंद्र सिंह राठौड़, जेलर हेमंत सालवी, मेडिकल ऑफिसर डॉ. पेनल चोथानी, आरएसी प्रभारी नरपत सिंह सहित जिला जेल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. इस दौरान सभी ने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया.
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 10 कार्मिकों को मिला सम्मान
समारोह के दौरान उप अधीक्षक जितेंद्र सिंह राठौड़ की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले 10 कार्मिकों को सम्मानित किया गया. सम्मान पाने वालों में रामकेश मीणा, पुष्पा मीणा, दिलीप सिंह, सुनीता, कमल सिंह मीणा, आरएसी प्रभारी नरपत सिंह और शक्ति सिंह झाला शामिल रहे. वहीं संविदा कर्मचारियों में बजरंग लाल, पुष्पा कंवर और सुमित्रा राजपुरोहित को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया.
बंदियों ने दीं देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
इसके बाद जेल के अंदर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. बंदियों ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया और पूरा जेल परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
यह भी पढ़ें: वंदे मातरम विवाद पर अमित शाह का सोनिया गांधी पर हमला, कहा- जनता कांग्रेस को माफ नहीं करेगी…



