Rajasthan Politics: नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक हनुमान बेनीवाल पिछले दिनों जयपुर के भैराणा धाम में आयोजित महापंचायत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया.बेनीवाल ने मुख्यमंत्री को मूर्खों का राजा और मूर्खाधिराज कहकर संबोधित किया. जिसके बाद से राजस्थान की राजनीति में भारी विवाद छिड़ गया है. सोशल मीडिया पर लगातार वार-प्रत्यारोप का दौर जारी है. बीजेपी के तमाम बड़े नेता हनुमान बेनीवाल के बयान की निंदा कर रहे हैं. इसी कड़ी में राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने RLP संयोजक पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि हनुमान बेनीवाल युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहे हैं,पथभ्रष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं. खुद भी नशा करते होंगे और करवाते भी होंगे.ये भी ठीक नहीं है.
“राजनीति में आदर्श व्यवहार चाहिए”
मदन राठौड़ ने आगे कहा कि युवाओं को गलत रास्ता दिखाना जैसे बिजली बिल मत भरो,मीटर बायपास कर लो,ये संदेश देना अच्छा व्यवहार नहीं है.ये अराजकता पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं.बिजली का कर्मचारी आया तो उसको पीटो.ऐसा कोई राजनेता बोल सकता है क्या? राजनीति में आदर्श व्यवहार चाहिए.बहुत गलत बात है.जिनके पास शब्दकोश नहीं है,जो शब्दों का चयन करते समय जैसे कोई नशेड़ी बोलता है,वैसा शब्द ले लेते हैं.किसी भी मुख्यमंत्री के लिए मंत्रिमंडल के सदस्यों के लिए मतलब बहुत गलत बात है.
“दुश्मन की तरह बात करते हैं”
राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को विरोध करना चाहिए,लेकिन शब्द चयन अच्छे हो,सामने मिले तो नजरें नीची नहीं होनी चाहिए.आदरपूर्वक एक दूसरे से व्यवहार कर सकते हैं.दुश्मनी करना ठीक नहीं है.वो तो दुश्मन की तरह बात करते हैं.दुश्मन की तरह व्यवहार करते हैं.बाहुबली कैसे करता है वैसे करते हैं.बाहुबली है कहां,केवल दूसरे के भरोसे. ऐसा उच्छंखल व्यवहार ठीक नहीं है.राजनीति में शुद्धिकरण बहुत जरूरी है.शुचिता लाना चाहिए. राठौड़ ने कहा कि मैं मीडिया से निवेदन करता हूं कि ऐसे लोगों का निश्चित रूप से बहिष्कार किया जाना चाहिए ताकि राजनीति अच्छी बने.आदर्श राजनीति हो,विपक्ष पुरजोर तरीके से विपक्षी भूमिका निभाए,लेकिन दुश्मन तो नहीं बने.शब्द चयन तो ढंग के करें.शब्द नहीं है क्या. कड़े शब्द भी है.कड़े शब्दों से भी विरोध किया जा सकता है. लेकिन यह मूर्ख और ऐसे शब्द जो असंसदीय शब्द वो नहीं बोले जाने चाहिए.



