Rajasthan News: बांसवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी चिकित्सालय में 4 प्रसूताओं की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर आज बुधवार को बांसवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचे. इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री खींवसर ने कहा कि जिन चार महिलाओं की मौत हुई, उनमें से एक ने अबॉर्शन की गोलियां ली थीं, उसका दो महीने का बच्चा था और वह बहुत गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची थी. एक महिला को मध्य प्रदेश (MP) से लाया गया था, रास्ते में डेढ़ घंटा लगा और अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत बहुत बिगड़ चुकी थी. इसलिए, 4 मौतों में से 2 मामले मुख्य रूप से चिंताजनक थे. बाकी 2 मौतें हाई ब्लड प्रेशर और लिवर से जुड़ी समस्याओं के कारण हुईं.
स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने आगे कहा कि हमने पूरे स्टाफ़ से बात की है और मरीज़ के भर्ती होने से लेकर मौत के समय तक की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की है. हमने सभी मेडिकल रिकॉर्ड भी मांगे हैं. रिकॉर्ड मिलने के बाद, हम उन्हें जांच के लिए जयपुर ले जाएंगे. पहले ANC स्क्रीनिंग कवरेज 63% था, हमारा लक्ष्य इसे 100% तक पहुंचाना है. गर्भवती महिलाओं की पहचान करने और उनके हीमोग्लोबिन लेवल, आयरन की गोलियां देने और ब्लड प्रेशर पर खास ध्यान देने के लिए नए निर्देश जारी किए गए हैं, क्योंकि कई मौतें एनीमिया और हाई ब्लड प्रेशर के कारण होती हैं.
“एनीमिया और हाई ब्लड प्रेशर के कारण हो रही मौत”
उन्होंने कहा कि मैं खुद स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते यहां आया हूं. हमने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की है. सभी मृतक प्रसूताओं के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर उनकी मौत तक के सभी रिकॉर्ड मंगवाए गए हैं. इन रिकॉर्ड्स को जयपुर ले जाकर गहनता से जांच की जाएगी. ताकि मौत के वास्तिव कारणों का पता चल सके. उन्होंने कहा कि उप-स्वास्थ्य केंद्र स्तर से ही सभी गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान सुनिश्चित की जाएगी. अधिकांश मातृ मुत्यु एनीमिया और हाई ब्लड प्रेशर के कारण हो रही है. सभी एएनएम और फील्ड स्टाफ को गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की नियमित जांच, आयरन की गोलियों के वितरण और ब्लड प्रेशर की लगातार मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देना होगा.
यह भी पढ़ें: जयपुर में महिला कैदियों से वसूली के आरोप में डिप्टी सुपरिटेंडेंट सस्पेंड, 2 RPS और एक IAS पर भी एक्शन



