Rajasthan News: राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना के एक प्राइवेट स्कूल में साढ़े 3 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना सामने आई है. परिजनों ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. मंगलवार रातभर प्रदर्शनकारी स्कूल के सामने डटे रहे. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पूर्व विधायक श्रीराम भींचर मौके पर पहुंचे. पूर्व विधायक भी सुबह 4 बजे तक प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे रहे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई. डीएसपी विक्की नागपाल और थानाधिकारी पंकज कुमार ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की. पुलिस प्रशासन ने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन दिन का समय मांगा और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.
क्या है पूरा मामला
पूरा मामला 27 जुलाई का है. बच्ची जब स्कूल से घर पहुंची तो उसने अपनी मां को कहा कि उसके पेट में दर्द हो रहा है. शुरूआत में तो मां ने बच्ची की बात को गंभीरता से नहीं लिया और दवा दिलाने की बात कही. लेकिन जब बच्ची पेट दर्द से कहराने लगी तो मां के चेहरे पर चिंता की लकीरें गहराने लगी. तभी बच्ची ने मां को बताया कि मेरे स्कूल के एक अंकल मुझे बाथरूम में ले गए थे. उन्होंने मेरे साथ गलत हरकत की, तभी से बहुत दर्द हो रहा है. बच्ची के साथ स्कूल की घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वाले उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर गए. जहां जांच के दौरान डॉक्टर ने बच्ची से रेप की आशंका जताई. जिसके बाद 28 जुलाई को परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई. 28 जुलाई को रात साढ़े 10 बजे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. रात 12 बजे तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर लोगों ने चक्काजाम कर दिया. पुलिस प्रशासन से आरोपी की 3 दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बाद सुबह 4 बजे चक्काजाम खत्म किया.
3 दिन तक स्कूल रहेगा बंद
वहीं डीएसपी विक्की नागपाल ने बताया कि जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने एक कमेटी गठित की है. कमेटी 3 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, तक तक स्कूल बंद रहेगा. DSP के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. मासूम का मेडिकल करवाया गया है. फिलहाल बच्ची आरोपी को पहचान नहीं पाई है, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.
पूर्व सीएम ने सरकार पर खड़े किए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि मकराना में एक विद्यालय के भीतर साढ़े तीन वर्ष की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है. यह जघन्य कृत्य मानवता को शर्मसार करने वाला है. हमारी सरकार ने पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए केस ऑफिसर स्कीम को प्रभावी बनाया, जिसके माध्यम से दुष्कर्म के अनेक मामलों में अपराधियों को रिकॉर्ड समय में कठोरतम सजा, यहां तक कि मृत्युदंड तक दिलवाई गई. वर्तमान सरकार को चाहिए कि इस मामले को तत्काल केस ऑफिसर स्कीम में लेकर फास्ट-ट्रैक सुनवाई के माध्यम से अपराधी को सख्त से सख्त सजा दिलवाए एवं पीड़ित परिवार को पूर्ण सहायता व सुरक्षा प्रदान करे. बच्चियों की सुरक्षा किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी है. सरकार संवेदनशीलता दिखाए और ऐसे कदम उठाए कि प्रदेश का कोई भी माता-पिता अपनी बच्ची को स्कूल भेजते समय भयभीत न हो. राजस्थान की भाजपा सरकार इसमें अभी तक नाकाम साबित हुई है.
यह भी पढ़ें: गो-हत्या पर कानून बनाने की मांग, उमाकांत महाराज बोले- धार्मिक, राजनीतिक संगठन PM से करें अपील



