Jaipur News: राजधानी जयपुर के जगतपुरा में आज(8 जून) जयपुर विकास प्राधिकरण(JDA) ने एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया है. जेडीए के इस अभियान के तहत जयपुर के नंदपुरी रोड पर सड़क की चौड़ाई 80 फीट करने के लिए 5 धार्मिक स्थल समेत 125 से ज्यादा अवैध निर्माण हटाए गए हैं. प्रशासन की ओर से पहले संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया था, जिसके बाद आज कार्रवाई की गई है. JDA की कार्रवाई को लेकर जयपुर के कई इलाकों में इंटरनेट बंद किया गया है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है. जयपुर के संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, रविवार रात को 12 बजे से सोमवार रात को 12 बजे तक कई इलाकों में 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद है.
करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात
JDA की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान करीब 3 हजार पुलिकर्मियों की तैनाती की गई है. नंदपुरी के पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई भी कट कर दी गई है, ताकि लोग घरों में वाई-फाई का इस्तेमाल भी न कर सके.लोगों की आवाजाही को रोक दिया गया. ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई. लोगों से वीडियो न बनाने की अपील की गई, छत पर चढ़े लोगों को माइक से अनाउंस से नीचे उतारा गया.
कहां-कहां इंटरनेट बंद?
जयपुर उत्तर के शास्त्रीनगर, भट्टाबस्ती,माणक चौक, सुभाष चौक,कोतवाली, जालूपुरा,विद्याधर नगर, रामगंज,गलता गेट,संजय सर्किल,जयसिंहपुरा खोर, आमेर,ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़ सहित कई थाना क्षेत्र शामिल हैं. इसके अलावा जयपुर पूर्व के जवाहर नगर, जामडोली,लालकोठी, जवाहर सर्किल, मोतीडूंगरी,बस्सी, कानोता,बजाज नगर, खो-नागोरियान,सांगानेर, प्रताप नगर,मालपुरा गेट, तूंगा, आदर्श नगर,एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर, ट्रांसपोर्ट नगर,एयरपोर्ट, मालवीय नगर, रामनगरिया और थाना क्षेत्र नेटबंदी के दायरे में हैं.
सड़क चौड़ी होने से 50 से ज्यादा कॉलोनियों के लोगों को मिलेगा फायदा
नंदपुरी रोड की चौड़ाई राजस्व रिकॉर्ड में 80 फीट दर्ज है. लेकिन सड़क कई स्थानों पर केवल 25 से 30 फीट चौड़ी रह गई थी. यह डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से जोड़ती है. जो 6 मेन कॉलोनियों से होकर गुजरती है. प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि सड़क चौड़ी होने से हरे कृष्णा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा. नंदपुरी से जगतपुरा तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.50 से ज्यादा कॉलोनियों के निवासियों को फायदा मिलेगा.
यह भी पढ़ें: अशोक गहलोत और गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच जुबानी जंग तेज, केंद्रीय मंत्री बोले- डर मेरे खून में नहीं …



