Rajasthan Politics: राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए भजन लाल सरकार, बीजेपी और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने, आंतरिक कलह और अधिकारियों में डर पैदा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए. डोटासरा के बयान पर मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एक सांस्कृतिक संगठन है. समाज में कुरीतियों को मिटाने का काम,आपसी भाईचारा और समरसता कैसे पैदा हो सकती है,उसके लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ वर्षों से काम कर रहा है. देश की आजादी से लेकर अब तक विभिन्न प्रकल्प चलाकर उन्होंने सामाजिक विकास के लिए लगातार काम किया है. ऐसे राष्ट्रसेवी और राष्ट्रवादी संगठन के ऊपर कुत्सित मानसिकता के आधार पर झूठे आरोप लगाना निंदनीय है. मैं कड़े शब्दों में इसकी भर्त्सना भी करता हूं और कांग्रेस के लोगों की बुद्धि पर मुझे दया भी आती है. ये लोग मंदबुद्धि लोगों की तरह बात करते हैं.
मंत्री बेढम ने आगे कहा कि जिस संगठन ने इस देश को बहुत कुछ दिया हो, उसके खिलाफ कांग्रेस के लोग अनर्गल टिप्पणियां करते हैं. उन्हें विचार करना चाहिए कि एक संगठन ऐसा भी है जो कभी राजनीति नहीं करता. सिर्फ समाज की सेवा के भाव से उसके कार्यकर्ता काम करते हैं. लेकिन आपकी जो ओछी मानसिकता है वहीं आपके पत्तन का कारण है.
डोटासरा के बयान पर नेता प्रतिपक्ष की भी आई प्रतिक्रिया
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर कहा कि आज जो हालात पूरे राजस्थान में बने हैं,जल मंत्री के गांव में पानी नहीं है, बिजली मंत्री के गांव में बिजली नहीं है. गृह मंत्री का जिला अपराध के मामले में प्रथम स्थान पर है. कृषि मंत्री लगातार नकली खाद और नकली बीज के लिए छापेमारी कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री,शिक्षा को छोड़कर हर विषय पर बात करते हैं. उन्होंने(गोविंद सिंह डोटासरा) इन्हीं विषयों पर बात की. RSS को लेकर हमें कोई आपत्ति नहीं है. यदि वे राजनीति में आना चाहते हैं तो अपनी पार्टी बना लें. वे पर्दे के पीछे से क्यों काम करते हैं? RSS अपने आप को स्वयं सेवक संघ बताती है तो स्वयं सेवक संघ ही रहें, राजनीति ना करें और अगर राजनीति करनी है तो चुनाव आयोग से खुद के दल का पंजीकरण करवा लें.
क्या बोले थे डोटासरा?
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मौजूदा सरकार पर शिक्षा का भगवाकरण करने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि शिक्षा मंत्री को अपने विभाग की कोई जानकारी नहीं है वो आरएसएस के इशारे पर सारे फैसले लेते हैं.RSS के लोग बिना किसी नियम के शिक्षकों और प्रिंसिपलों के ट्रांसफर करवा रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच चल रही लड़ाई का खुलासा भी किया है. डोटासरा ने नेछवा में कॉलेज खोलने की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने बजट का हवाला देकर हाथ खड़े कर दिए थे. उन्होंने इसे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच खींचतान का नतीजा बताया. इसके साथ ही डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में डर का माहौल है. अधिकारी फोन टैंपिंग के डर से सामान्य कॉल पर बात तक नहीं करते हैं.
यह भी पढ़ें: फर्जी ताईक्वांडो सर्टिफिकेट से शिक्षक भर्ती में कराया चयन, पूर्व खेल संघ सचिव गिरफ्तार



