BRICS : राजस्थान की राजधानी जयपुर में BRICS देशों के वित्त-मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक हो रही है। 2 दिवसीय इस उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए BRICS देशों से प्रतिनिधि और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जयपुर पहुंचे हैं। बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था की मौजूदा चुनौतियों, वित्तीय स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक में हिस्सा लेने जयपुर पहुंची वित्त मंत्री निर्मला सीतारण का जयपुर रेलवे स्टेशन पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने स्वागत किया।
उद्घाटन सत्र से शुरुआत
बुधवार को सुबह BRICS वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक का औपचारिक उद्घाटन सत्र हुआ। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इसके बाद वित्त मंत्रालयों और केंद्रीय बैंकों से जुड़े साझा मुद्दों पर संयुक्त सत्र हुआ। इस सत्र में सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, वित्तीय नीतियों और केंद्रीय बैंकिंग से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
ईरान का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जयपुर पहुंचा
जयपुर में ब्रिक्स बैठक में हिस्सा लेने के लिए ईरान का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी विशेष विमान से जयपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में ईरान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर डॉ. अब्दुल नासिर हिम्मती शामिल हैं। जयपुर पहुंचने पर ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फत्ताली और डिप्टी एम्बेसडर मोहम्मद जावेद हुसैनी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
वैश्विक वित्तीय व्यवस्था में सुधार पर होगा फोकस
जयपुर में होने वाली बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्रिक्स देशों के बीच वैश्विक व्यापक आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर सहयोग को मजबूत करना है। बैठक में बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य, वित्तीय स्थिरता, निवेश, विकास वित्त और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए पूंजी की उपलब्धता बढ़ाना, निजी निवेश को आकर्षित करना और विकास वित्त को मजबूत करना भी चर्चा के प्रमुख विषयों में शामिल हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था में सुधार और विकासशील देशों की जरूरतों को वैश्विक वित्तीय निर्णय प्रक्रिया में बेहतर स्थान देने पर भी मंथन होगा।
सीमा पार भुगतान और डिजिटल करेंसी भी अहम मुद्दे
बैठक से पहले आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने ब्रिक्स देशों के बीच फास्ट पेमेंट सिस्टम और केंद्रीय बैंक डिजिटल करेंसी को आपस में जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा की जानकारी दी है। इसका उद्देश्य सीमा पार भुगतान को अधिक सुगम और कम लागत वाला बनाना है। ब्रिक्स देशों के बीच स्थानीय मुद्राओं के इस्तेमाल और रुपए के अंतरराष्ट्रीयकरण से जुड़े प्रयास भी व्यापक वित्तीय सहयोग के संदर्भ में महत्वपूर्ण हैं।
यह भी पढ़ें – राजस्थान कांग्रेस में ‘क्रेडिट वॉर’? गहलोत बनाम डोटासरा की सियासी खींचतान पर उठे सवाल
यह भी देखें – Jaipur: ढाई करोड़ की सड़क 8 महीने बाद भी अधूरी! बोर्ड पर काम पूरा, जमीन पर गड्ढे | Jaipur News



