Jaipur- जयपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी और बाद में अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की. घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यह मामला जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र का है. गुरुवार सुबह निवारू पुलिया के पास एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के बीच एक अधजला शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें.
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि युवक की हत्या कहीं और की गई थी और बाद में उसके शव को प्लास्टिक के बड़े कट्टे में भरकर यहां लाकर फेंका गया. शव की पहचान छिपाने के इरादे से उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल पाया. इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. इसी दौरान एक संदिग्ध घटनाक्रम सामने आया. मृतक की पत्नी जिसका नाम नोक्षम बताया जा रहा है उसी सुबह एक अन्य थाने में अपने पति की गुमशुदगी दर्ज करवाने पहुंची. पुलिस को शक हुआ और जांच करते हुए टीम महिला तक पहुंची जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.
यह भी पढ़ें : “आप वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़ा…” पंचायत चुनाव में देरी को लेकर HC की फटकार पर टीकाराम जूली ने सरकार को घेरा
पहले तो महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि उसका पति रोज शराब पीकर उससे मारपीट करता था. बुधवार रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था. गुस्से में आकर उसने हथौड़े से पति पर हमला कर दिया जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद महिला ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर शव को कचरा उठाने वाली गाड़ी में रखा और निवारू रोड स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट में ले जाकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी ताकि शव की पहचान न हो सके. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों घर वापस लौट आए.
यह भी देखें : जयपुर में भीषण सड़क हादसा! तेज रफ्तार Nexon कार हाईवे से गिरी
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी शेख सहान के रूप में हुई है जो जयपुर के खोरा बीसल इलाके में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था. पुलिस ने पुष्टि की है कि हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई थी. इस मामले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस दिन यह घटना हुई उसी दिन मृतक का जन्मदिन भी था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है.



