Valentine Week travel destinations: फरवरी का महीना आते ही हवा में एक अलग ही फील घुल जाती है। दिल थोड़ा ज्यादा मुस्कुराने लगता है और मन करता है कि किसी खास के साथ कहीं दूर निकल जाया जाए। 7 फरवरी से रोज डे के साथ वेलेंटाइन वीक शुरू हो रहा है, लेकिन अक्सर लोग ये सोचकर प्लान कैंसिल कर देते हैं कि रोमांटिक ट्रिप मतलब भारी खर्च। अगर आप भी यही सोच रहे हैं, तो ज़रा रुकिए। सच ये है कि भारत में कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहां कम बजट में भी प्यार, सुकून और यादगार पल…तीनों मिल जाते हैं। तो चलिए जानते हैं वेलेंटाइन वीक के लिए 5 ऐसी जगहें, जो जेब पर भारी नहीं पड़ेंगी लेकिन दिल जरूर जीत लेंगी।
1. ऋषिकेश – सुकून भी, रोमांच भी
अगर आप चाहते हैं कि वेलेंटाइन की शुरुआत शांति के साथ हो, लेकिन थोड़ा एडवेंचर भी मिले, तो ऋषिकेश एकदम सही जगह है। यहां दिल्ली-एनसीआर से बस या गाड़ी से बहुत कम खर्च में पहुंचा जा सकता है। गंगा किनारे कैंपिंग करना, ठंडी हवा में पार्टनर के साथ बैठकर बातें करना और शाम को कैफे में कैंडल लाइट डिनर। कम पैसों में इससे बेहतर रोमांटिक फील शायद ही कहीं मिले।
2. लैंसडाउन – शोर से दूर, सिर्फ आप दोनों
अगर आपको भीड़-भाड़ पसंद नहीं और आप चाहते हैं कि ये वेलेंटाइन सिर्फ आप दोनों के लिए हो, तो लैंसडाउन बेस्ट ऑप्शन है। ये छोटा सा, शांत हिल स्टेशन अपनी हरियाली और सुकून के लिए जाना जाता है। यहां चीड़ के ऊंचे जंगल, ठंडी हवा और पुराने ज़माने के घर इस जगह को और भी रोमांटिक बना देते हैं। सबसे अच्छी बात ये है कि यहां सस्ते और आरामदायक होमस्टे आसानी से मिल जाते हैं।
3. पुष्कर – रेगिस्तान में भी बसता है प्यार
हर बार वेलेंटाइन पर पहाड़ों का प्लान ज़रूरी नहीं। अगर कुछ अलग और खास करना है, तो राजस्थान का पुष्कर एक शानदार ऑप्शन है। घाटों पर बैठकर सूरज ढलते देखना, ऊंट की सवारी करना और रेगिस्तान की खामोशी में पार्टनर के साथ वक्त बिताना यह सब मिलकर एक रॉयल लेकिन बजट फ्रेंडली अनुभव देता है। यहां का स्ट्रीट फूड भी स्वादिष्ट है और जेब पर भारी नहीं पड़ता।
4. मैक्लोडगंज – बादलों के बीच प्यार
हिमाचल प्रदेश का मैक्लोडगंज कपल्स की पहली पसंद में से एक है। यहां की तिब्बती संस्कृति, छोटे-छोटे कैफे और बादलों से ढके पहाड़ दिल को सुकून दे देते हैं। भागसूनाग वॉटरफॉल हो या धर्मकोट की गलियां, हर जगह एक अलग ही रोमांटिक फील मिलती है। यहां हॉस्टल और बजट होटल्स की भरमार है, जिससे ट्रिप काफी किफायती हो जाती है।
5. ओरछा – इतिहास के बीच सादा सा रोमांस
अगर आप वेलेंटाइन वीक में भीड़ से दूर रहना चाहते हैं, तो मध्य प्रदेश का ओरछा आपके लिए परफेक्ट है। बेतवा नदी के किनारे बसा ये शहर शांति और सादगी के लिए जाना जाता है। यहां के महल, मंदिर और शांत गलियां आपको पुराने ज़माने में ले जाती हैं। कम लोग, ज्यादा प्राइवेसी और कम खर्च, यही वजह है कि ओरछा बजट कपल्स के लिए बेस्ट ऑप्शन बनता जा रहा है।
वेलेंटाइन वीक को खास बनाने के लिए महंगे होटल या फ्लाइट ज़रूरी नहीं। ज़रूरत है सिर्फ सही जगह और सही इंसान की। तो इस बार बजट की चिंता छोड़िए और अपने पार्टनर के साथ उन लम्हों को जी लीजिए, जो हमेशा याद रहेंगे।



