Lifestyle- कई बार ऐसा होता है कि घर में अचानक मेहमान आ जाते हैं और फ्रिज में कोई खास सब्जी भी नहीं होती। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर खाने में क्या बनाया जाए। आमतौर पर लोग पनीर या छोले बनाने का सोचते हैं, लेकिन अगर आपके पास ये चीजें भी नहीं हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको एक ऐसी आसान और स्वादिष्ट डिश के बारे में बता रहे हैं जिसे आप सिर्फ 10 मिनट में तैयार कर सकते हैं। हम बात कर रहे हैं पापड़ की सब्जी की। यह राजस्थान की एक पारंपरिक डिश है, जो अपने चटपटे और अलग स्वाद के लिए जानी जाती है।
इस सब्जी की खास बात यह है कि इसमें दही की हल्की खटास और पापड़ का अलग टेक्सचर मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं कि खाने वाला बार-बार इसकी तारीफ करता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय या मेहनत भी नहीं लगती।
पापड़ की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
– पापड़ – 4 से 5 (मूंग या उड़द दाल के)
– दही – 1 कप (अच्छी तरह फेंटा हुआ)
– तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
– जीरा – 1 छोटा चम्मच
– राई – आधा छोटा चम्मच
– हींग – एक चुटकी
– हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
– धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
– लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
– नमक – स्वादानुसार
– हरी मिर्च – बारीक कटी हुई
– अदरक – बारीक कटा हुआ
– हरा धनिया – सजाने के लिए
पापड़ की सब्जी बनाने की विधि
सबसे पहले पापड़ को गैस की आंच पर भून लें या तेल में हल्का तल लें। इसके बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अब एक कटोरी में फेंटा हुआ दही लें और उसमें हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें। ऐसा करने से सब्जी बनाते समय दही फटने की संभावना कम रहती है। इसके बाद कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। उसमें जीरा, राई और हींग डालकर तड़का लगाएं। फिर इसमें कटी हुई हरी मिर्च और अदरक डालकर हल्का सा भून लें। अब गैस की आंच धीमी कर दें और कड़ाही में दही वाला मिश्रण डालें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं। जब ग्रेवी में उबाल आने लगे और तेल ऊपर दिखने लगे, तब इसमें थोड़ा सा पानी डाल दें।
अब उबलती हुई ग्रेवी में पापड़ के टुकड़े डालें और लगभग 1 से 2 मिनट तक पकाएं। इसके बाद गैस बंद कर दें और ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा गरम मसाला डाल दें। ध्यान रखें कि पापड़ डालने के बाद सब्जी को ज्यादा देर तक न पकाएं, नहीं तो पापड़ बहुत ज्यादा नरम हो जाएंगे। अब आपकी स्वादिष्ट पापड़ की सब्जी तैयार है। इसे आप गरमा-गरम रोटी या पराठे के साथ सर्व कर सकते हैं। यकीन मानिए, जो भी इसे खाएगा वह इसकी रेसिपी जरूर पूछेगा।



