WeightRegain: आजकल वजन घटाना लाखों लोगों की सबसे बड़ी चिंता बन गया है। भागदौड़ भरी जिंदगी, गलत खानपान और बैठकर काम करने की आदतों ने मोटापे की समस्या को और गंभीर बना दिया है। ऐसे में जब वजन कम करने के लिए इंजेक्शन या ड्रग्स का विकल्प सामने आता है, तो लोग इसे आसान और तेज समाधान मान लेते हैं।
ड्रग्स छोड़ते ही वजन तेजी से बढ़ता है
ब्रिटेन की एक नई रिसर्च में यह सामने आया है कि वजन घटाने वाली दवाएं या इंजेक्शन छोड़ते ही वजन जल्दी वापस बढ़ने लगता है। रिसर्च के मुताबिक, जिन लोगों ने ड्रग्स लेना बंद किया, उनका वजन डाइट और एक्सरसाइज छोड़ने वालों की तुलना में चार गुना तेजी से बढ़ा। कई मामलों में दो साल के अंदर पूरा घटा हुआ वजन वापस आ गया।
दवाएं कैसे काम करती हैं?
GLP-1 एगोनिस्ट नाम की इंजेक्शन वाली दवाएं लोगों की भूख कम करती हैं और शरीर कम कैलोरी लेता है। इसके चलते वजन तेजी से घटता है। लेकिन जैसे ही दवा बंद होती है, शरीर की भूख और मेटाबॉलिज्म पहले जैसी स्थिति में लौट आते हैं। यही वजह है कि वजन तेजी से वापस बढ़ने लगता है।
दवाओं के फायदे और नुकसान
इन दवाओं से लोगों को अपने शरीर का 15–20 प्रतिशत वजन कम करने में मदद मिलती है। लेकिन रिसर्च बताती है कि लगभग आधे लोग एक साल के अंदर दवाएं छोड़ देते हैं। इसके पीछे कीमत और साइड इफेक्ट्स का कारण भी हो सकता है। उदाहरण के लिए, सेमाग्लूटाइड (ओजेम्पिक और वेगोवी) और टिर्जेपटाइड (मौनजारो और ज़ेपबाउंड) जैसी दवाओं से औसतन 15 किलोग्राम वजन कम हुआ। लेकिन दवा छोड़ने के एक साल में लगभग 10 किलोग्राम वजन फिर से बढ़ गया। रिसर्चर्स का अनुमान है कि 18 महीनों में लोग अपने मूल वजन पर लौट सकते हैं।
दवा छोड़ने के बाद क्यों वजन तेजी से बढ़ता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, वजन घटाने वाली दवाएं शरीर के हार्मोन सिस्टम को अस्थायी रूप से बदल देती हैं। ये दिमाग को संकेत देती हैं कि पेट भरा हुआ है, इसलिए व्यक्ति कम खाता है। लेकिन जब दवा बंद होती है, शरीर पुराने पैटर्न पर लौट आता है। इसके विपरीत, अगर कोई व्यक्ति केवल डाइट और एक्सरसाइज से वजन घटाता है, तो शरीर धीरे-धीरे नए रूटीन के अनुसार ढल जाता है। इसलिए वजन इतनी तेजी से नहीं बढ़ता।
रिसर्च से सीख
वजन घटाने की दवाएं स्थायी समाधान नहीं हैं। दवा के साथ सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज और लाइफस्टाइल में बदलाव जरूरी हैं। बिना लाइफस्टाइल बदलने के, वजन वापस आना लगभग तय है।



