Does warm water burn fat: आजकल वजन घटाने से जुड़ी कोई भी बात सोशल मीडिया पर मिनटों में वायरल हो जाती है। खासकर अगर उपाय बहुत आसान हो जैसे सुबह खाली पेट गर्म पानी पी लो, फैट अपने आप पिघल जाएगा तो लोग बिना सवाल किए उसे अपनाने लगते हैं। कई लोग महीनों तक रोज़ गर्म पानी पीते रहते हैं और उम्मीद करते हैं कि पेट की चर्बी कम हो जाएगी, वजन तेजी से घटेगा और न जिम की जरूरत पड़ेगी, न डाइट की। लेकिन सवाल यही है क्या सच में गर्म पानी पीने से शरीर का एक्स्ट्रा फैट पिघल जाता है? या फिर ये भी वजन घटाने से जुड़ा एक और वायरल झूठ है? आइए आसान भाषा में मिथ्स और फैक्ट्स के जरिए सच्चाई समझते हैं।
मिथ 1: गर्म पानी फैट को पिघला देता है
ये सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा फैला हुआ मिथ है। बहुत से लोग मानते हैं कि गर्म पानी पीते ही पेट की चर्बी पिघलने लगती है। सच क्या है?
पानी शरीर को हाइड्रेट रखता है और डिटॉक्स में मदद करता है, लेकिन फैट पिघलाने का काम नहीं करता। फैट कोई मोम नहीं है जो गर्म पानी डालते ही पिघल जाए। शरीर की चर्बी हार्मोन, कैलोरी इनटेक, मेटाबॉलिज्म और लाइफस्टाइल से जुड़ी होती है। सिर्फ पानी का तापमान बदल देने से फैट कम नहीं होता।
फैक्ट: गर्म पानी वजन घटाने में मदद कर सकता है, लेकिन सीधे नहीं ये बात भी पूरी तरह गलत नहीं है कि गर्म पानी का कोई फायदा नहीं होता। फायदा होता है, लेकिन लिमिट में।
गर्म पानी कैसे मदद करता है?
पाचन बेहतर करता है, कब्ज की समस्या में राहत देता है,पेट भरा-भरा महसूस होता है, जिससे ओवरईटिंग कम हो सकती है, दिन की शुरुआत में एक हेल्दी रूटीन बनाने में मदद करता है, मतलब साफ है गर्म पानी एक सपोर्ट सिस्टम है, कोई जादुई इलाज नहीं।
मिथ 2: रोज गर्म पानी पीने से पेट की चर्बी खत्म हो जाती है
कई लोग सोचते हैं कि बस रोज सुबह गर्म पानी पी लो और कुछ करने की जरूरत ही नहीं। सच क्या है? पेट की चर्बी कम करने के लिए कैलोरी बर्न करनी पड़ती है,शरीर को एक्टिव रखना जरूरी है,सही नींद लेनी होती है, स्ट्रेस कंट्रोल करना पड़ता है, गर्म पानी इनमें से किसी का विकल्प नहीं है। अगर खानपान और लाइफस्टाइल वही की वही रहे, तो सिर्फ गर्म पानी से पेट अंदर नहीं जाएगा।
वजन घटाना है तो क्या करें?
अगर सच में वजन कम करना चाहते हैं तो संतुलित डाइट लें, रोज थोड़ा बहुत वॉक या एक्सरसाइज करें, पानी (गर्म या सामान्य) पर्याप्त मात्रा में पिएं, नींद और स्ट्रेस पर ध्यान दें, गर्म पानी चाहें तो पिएं, लेकिन उसे वजन घटाने का शॉर्टकट न समझें।
गर्म पानी सेहत के लिए अच्छा हो सकता है, लेकिन फैट पिघलाने का दावा एक मिथ है। वजन घटाने के लिए कोई भी एक चीज चमत्कार नहीं करती सही आदतें ही असली इलाज हैं।



