Shakil Noorani : फिल्म डायरेक्टर शकील नूरानी को आखिरकार मुंबई पुलिस ने खोज निकाला और उन्हे यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया है। शकील नूरानी पर 33 साल की एक अभिनेत्री ने यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग समेत कई आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, ये मामला 2016 का है।
घटना 2016 की, केस अब दर्ज हुआ
मुंबई पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, एक्ट्रेस की शकील नूरानी से पहली मुलाकात 2016 में लोखंडवाला में एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान हुई थी। उन्होंने उनसे आने वाले एक प्रोजेक्ट के बारे में बात की और काम के लिए संपर्क करने को कहा था। शिकायत के मुताबिक बाद में एक्ट्रेस स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए शकील नूरानी के मालवानी स्थित घर गई थीं। वहां नूरानी ने उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक पीने को दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं।
होश आने पर वीडियो दिखाकर धमकाने का आरोप
एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि होश आने के बाद शकील नूरानी ने उन्हें अपने मोबाइल पर एक्ट्रेस का वीडियो दिखाया। उन्होंने धमकी दी कि पुलिस से संपर्क करने या परिवार को जानकारी देने पर वह वीडियो सर्कुलेट कर देंगे। एक्ट्रेस का आरोप है कि नूरानी ने इसी कथित वीडियो के जरिए उन्हें धमकाया और कई बार उनका यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने यह भी कहा कि यौन संबंधों के बाद नूरानी उन्हें बार-बार गर्भनिरोधक गोलियां देते थे।
सातारा के फार्महाउस से हुई गिरफ्तारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि नूरानी सातारा जिले के मेधा इलाके में स्थित एक फार्महाउस में रह रहे हैं। मालवानी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद नूरानी 40 दिन तक छिपे रहे। पुलिस टीम ने अंधेरी के लोखंडवाला स्थित उनके बेटे के घर की तलाशी भी ली, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अधिकारी ने कहा, ‘टेक्निकल मदद से हमने उन्हें सातारा जिले के मेधा स्थित एक फार्महाउस में खोजा। मेधा पुलिस स्टेशन के हमारे साथियों ने उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद हमारी टीम ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।’
12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेजे गए
पुलिस ने शकील नूरानी को शनिवार को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। डीसीपी (जोन 2) संदीप घुगे ने कहा कि पुलिस मामले में जानकारी जुटा रही है। वहीं, मीडिया से बातचीत में नूरानी के वकील विकास सिंह ने कहा कि मेरे क्लाइंट को झूठा फंसाया गया है। मामला अदालत में है, इसलिए कोई कमेंट नहीं करूंगा।
संजय दत्त से विवाद हुआ था
शकील नूरानी का संजय दत्त से एक फिल्म को लेकर विवाद हुआ था। मुंबई की एक अदालत ने शकील नूरानी को धमकाने के मामले में संजय दत्त के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
यह भी पढें –सोनाक्षी सिन्हा पर बीजेपी-सनातन विरोधी एजेंडा चलाने का आरोप, सच्चाई से दूर बनाया नैरेटिव
यह भी देखें – श्योसिंहपुरा में बुनियादी सुविधाओं का अकाल! सड़क, पानी, बस सब बदहाल | ग्रामीणों की खुली पीड़ा



