Police : जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में जगतपुरा के महल रोड से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना था। इससे कुछ मिनट पहले पुलिसकर्मी सड़क किनारे के ठेले हटवा रहे थे। रास्ते से ठेला हटवाने के दौरान मोमोज बेचने वाली बहनें और पुलिसकर्मी आपस में उलझ गए। बताया जा रहा है कि एक पुलिसकर्मी ने उनकी कार्ट को धक्का देकर पलट दिया। फिर खौलते पानी को युवती पर फेंक दिया। घटना को लेकर 22 जून को पीड़ित की बहन ने एफआईआर दर्ज कराई है।
शरीर का काफी हिस्सा झुलसा
पीडिता की बहन खुशबू ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि जगतपुरा इलाके में अक्षय पात्र मंदिर के पास रेशु गुप्ता मोमोज की कार्ट लगाती हैं। घटना वाली शाम भी वो कार्ट लगाने की तैयारी कर रही थीं। मोमोज के लिए पानी गर्म हो रहा था। इसी दौरान पहुंचे कुछ पुलिसकर्मियों ने उस पर जबरन कार्ट हटाने का दबाव बनाया। रेशु ने कहा कि अभी बर्तन में गर्म पानी है, थोड़ा समय दे दो, लेकिन उन्होंने बात नहीं सुनी। जबरदस्ती कार्ट पीछे धकेल दी, और पानी रेशु पर गिरा दिया। हादसे में उसका कंधा, सीना, जांघ और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह जल गए है।
पिता का निधन हुआ, मोमोज कार्ट से चलता है घर खर्च
पीडिता की बहन खुशबू ने बताया कि परिवार अंबेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। साल 2020 में कोरोना के कारण उनके पिता का निधन हो गया था। साल 2022 में उसका जयपुर के एक प्राइवेट फिजियोथेरेपी कोर्स में सिलेक्शन हो गया था। इसलिए मां और छोटी बहन रेशु गुप्ता भी उसके साथ जयपुर आ गई थीं। इसके बाद घर का खर्च चलाने के लिए छोटी बहन को मोमोज की कार्ट लगवाई थी। इसी से घर का खर्च चलता है।
एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे दोनों पक्ष
बहनों ने घटना के लिए पुलिसकर्मी को जिम्मेदार बताया है। वहीं, थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह का कहना है- गर्म पानी से झुलसने की बात पर जांच की जा रही है। मामले की जांच एसआई गोवर्धन प्रसाद को दी गई। इधर, डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जो भी जिम्मेदार होगा कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : जयपुर में जैश के स्लीपर सेल का भंडाफोड़, आतंकी संगठन से जुड़ी महिला गिरफ्तार
यह भी देखें: भरतपुर में जाटों की महापंचायत! OBC आरक्षण की मांग पर उमड़ा जनसैलाब | Hanuman Beniwal Hunkar Rally



