Rajasthan News: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामलों में एक आरोपी को पकड़ा था। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो एक के बाद एक कई बड़े खुलासे हुए। आरोपी ने बताया कि इस गिरोह में एक बैंककर्मी समेत कुल चार लोग शामिल हैं।
पुलिस से बचने के लिए विदेश भागे दो आरोपी
जांच में सामने आया है कि गिरोह के दो आरोपी पहले ही पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए विदेश भाग चुके हैं। वहीं, एक और आरोपी भी विदेश जाने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अहमदाबाद में एक शादी समारोह के दौरान कार्रवाई की। पुलिसकर्मी बाराती बनकर शादी में पहुंचे और वहीं से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गरीब और बेरोजगार लोगों को बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने डूंगरपुर के 450 से ज्यादा लोगों को अपने जाल में फंसाया। ज्यादातर लोग गरीब या बेरोजगार थे। उन्हें नौकरी, आसान कमाई और मदद का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए गए। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से आए पैसों को घुमाने के लिए किया जाता था। जांच में सामने आया है कि करीब दो साल में इन खातों के जरिए लगभग 160 करोड़ रुपये का लेन-देन किया गया। पुलिस का कहना है कि ठगी से मिला पैसा पहले म्यूल खातों में डाला जाता था और बाद में अलग-अलग तरीकों से आरोपियों के खातों में पहुंचाया जाता था।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
तीनों फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। विदेश भाग चुके आरोपियों को लाने के लिए दूसरी एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी के कहने पर अपना बैंक खाता न खोलें, न ही किसी को इस्तेमाल के लिए दें। आसान कमाई या नौकरी का लालच देने वालों से सावधान रहें।
यह भी देखे: छात्र संघ चुनाव पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला | सरकार पर भड़के याचिकाकर्ता नीरज खीचड़



