साल 2025 के आखिरी दिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत पूरी कैबिनेट ने अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक कर दिया है। जारी आंकड़ों के मुताबिक मुख्यमंत्री खुद करोड़पति हैं, लेकिन उनकी कैबिनेट में कई ऐसे मंत्री भी हैं जिनकी कुल संपत्ति मुख्यमंत्री से कहीं ज्यादा है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास जहां लाखों की राइफल और रिवॉल्वर है, वहीं सबसे अमीर मंत्री की संपत्ति 40 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई गई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति
घोषित विवरण के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल चल और अचल संपत्ति करीब 1.65 करोड़ रुपये है। पिछले साल की तुलना में उनकी संपत्ति में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उनके पास सीमित नकद राशि, कुछ बैंक खातों में जमा रकम, एक कार, पशुधन और दिल्ली में एक आवासीय फ्लैट शामिल है। इसके अलावा उनके पास थोड़ी मात्रा में आभूषण भी हैं।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास हथियार और करोड़ों की संपत्ति
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी करोड़पति हैं। उनके पास नकद राशि के अलावा अलग-अलग बैंक खातों में अच्छी खासी जमा पूंजी है। संपत्ति विवरण के अनुसार उनके पास करीब 4 लाख रुपये की एक राइफल और 2 लाख रुपये का रिवॉल्वर भी है। उनकी अचल संपत्तियों में गैर-कृषि भूमि शामिल है, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही उनके पास वाहन, सोना और निवेश भी दर्ज हैं।
दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा
राज्य के दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी अपनी संपत्ति का खुलासा किया है। उनके पास नकद, बैंक डिपॉजिट, शेयरों में निवेश, सोने के गहने और अचल संपत्ति शामिल है। साथ ही उन्होंने एक रिवॉल्वर होने की जानकारी भी दी है।
बिहार के सबसे अमीर मंत्री कौन
कैबिनेट में सबसे अमीर मंत्री के तौर पर डॉ. अशोक चौधरी का नाम सामने आया है। पत्नी की संपत्ति को मिलाकर उनकी कुल संपत्ति 42 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है। उनकी पत्नी के बैंक खातों में बड़ी राशि जमा है और उनके पास कीमती गहने भी हैं। इसके अलावा उनके पास भी एक हथियार दर्ज है।
दूसरी सबसे अमीर मंत्री रमा निषाद हैं, जिनकी कुल संपत्ति करीब 31 करोड़ रुपये बताई गई है। इसमें सोना, चांदी और अन्य निवेश शामिल हैं।
अन्य मंत्रियों की संपत्ति
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने नकद, बैंक बैलेंस, सोना-चांदी, वाहन और राइफल होने की जानकारी दी है। वहीं विजय कुमार चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, जमा खान और दिलीप जायसवाल समेत अन्य मंत्रियों ने भी अपनी चल-अचल संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक किया है।
कौन हैं सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री
घोषित आंकड़ों के अनुसार राज्य के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री हैं, जिनकी कुल संपत्ति करीब 24 लाख रुपये है। उनके अलावा संजय सिंह टाइगर और सुरेंद्र मेहता भी उन मंत्रियों में शामिल हैं जो करोड़पति नहीं हैं।
हर साल संपत्ति विवरण अनिवार्य
बिहार सरकार ने यह व्यवस्था अनिवार्य कर रखी है कि मुख्यमंत्री और सभी कैबिनेट मंत्री हर साल के अंत में अपनी संपत्ति और देनदारियों का खुलासा करेंगे। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बनाए रखना और जनता के सामने जनप्रतिनिधियों की आर्थिक स्थिति स्पष्ट करना है।
यह भी पढ़ेंः 56 गेंदों में शतक ठोक कर सरफराज़ ने बनाया रिकॉर्ड



