Election in America : अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान जारी है। ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के पास संसद के दोनों सदनों में बहुमत है। अगर पार्टी इनमें से किसी एक सदन में भी बहुमत खो देती है, तो ट्रम्प के लिए अपने एजेंडे से जुड़े कानून पास कराना मुश्किल हो जाएगा। सबसे पहले 8 राज्यों में पोलिंग बूथ खुले। इस बीच फ्लोरिडा में भारी बाढ़ के कारण 7 काउंटियों के 19 मतदान केंद्रों की जगह बदलनी पड़ी है। यह फैसला मतदान शुरू होने से करीब 45 मिनट पहले लिया गया। इन चुनावों में अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और उच्च सदन सीनेट की 35 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। अमेरिका में राष्ट्रपति के चुनाव के ठीक दो साल बाद मिडटर्म चुनाव कराए जाते हैं। इसमें संसद की सीटों और कुछ राज्यों में गवर्नर के पदों के लिए मतदान होता है।
5.7 करोड़ लोग पहले ही वोट कर चुके
मतदान शुरू होने से पहले ही 5.76 करोड़ लोग अर्ली वोटिंग के जरिए वोट डाल चुके हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार शुरुआती वोटिंग 2022 के मिडटर्म चुनाव से आगे निकल गई है। 2022 में करीब 4.59 करोड़ लोगों ने अर्ली वोटिंग की थी। इस बार अर्ली वोटिंग में डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थकों की हिस्सेदारी ज्यादा रही है। हालांकि, रिपब्लिकन समर्थक आमतौर पर चुनाव के दिन मतदान करना पसंद करते हैं।
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में बड़े मुद्दे…
ईरान युद्ध और महंगाई
ईरान युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका में डीजल 70% और पेट्रोल 50% तक महंगा हुआ है। ट्रम्प की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 31% पर आ गई है। ईंधन की बढ़ती कीमतें मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनौती हैं। रूस से 3 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा डीजल खरीदने के फैसले पर भी ट्रम्प की आलोचना हो रही है।
इमिग्रेशन और अवैध प्रवासी
ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल के पहले 18 महीनों में करीब 9.8 लाख लोगों को डिपोर्ट किया गया। मेक्सिको बॉर्डर पर अवैध घुसपैठ 95% घटी। लेकिन छापेमारी और बिना आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को भी निकालने का विरोध हो रहा है। डेमोक्रेट्स का आरोप है कि इससे परिवार बिछड़ रहे हैं, जबकि खेती और निर्माण जैसे क्षेत्रों में मजदूरों की कमी हो सकती है।
टैरिफ और नौकरियां
ट्रम्प ने टैरिफ से अमेरिकी कंपनियों और नौकरियों को फायदा पहुंचाने का वादा किया था। लेकिन इससे गाड़ियों, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ों और निर्माण सामग्री की कीमतें 12% से 18% तक बढ़ने का दावा है। टैरिफ से अमेरिकी परिवारों का खर्च बढ़ा है और दूसरे देशों के जवाबी टैरिफ से किसानों के सोयाबीन और मक्का कारोबार पर असर पड़ा है।
गर्भपात का अधिकार और महंगा इलाज
केएफएफ के सर्वे के मुताबिक, 68% महिला वोटरों और 18 से 29 साल के 74% युवाओं के लिए गर्भपात का अधिकार बड़ा चुनावी मुद्दा है। डेमोक्रेट्स चाहते हैं कि महिलाओं को गर्भपात कराने का कानूनी अधिकार पूरे देश में मिले। वहीं, रिपब्लिकन चाहते हैं कि हर राज्य खुद तय करे कि वहां गर्भपात की अनुमति होगी या नहीं। वहीं, ओबामाकेयर के तहत 2.13 करोड़ लोग स्वास्थ्य बीमा का लाभ लेते हैं। सरकारी मदद घटने पर बीमा महंगा होने का मुद्दा भी चुनाव में अहम है।
दिवाली से पहले महंगाई का बड़ा झटका! LPG सिलेंडर के बढ़े दाम, जयपुर में ₹2847 पहुंची कीमत


