MP Abhishek Benarji : कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस दफ्तर में आज सुबह कुछ लोगों ने घुसकर जमकर तोडफोड की। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने तोडफोड के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। सांसद अभिषेक ने कहा कि गुरुवार सुबह करीब 4.30 बजे भाजपा के लोगों ने कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित उनके पार्टी ऑफिस में हमला किया। अभिषेक ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया।
हथियारों के साथ हमले का आरोप
सांसद अभिषेक ने दावा किया कि हथियारों के साथ आए हमलावरों ने कर्मचारियों से मारपीट की, फोन छीने, फर्नीचर तोड़ा, दफ्तर में सामान बिखेर दिया और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। अभिषेक के मुताबिक, टीएमसी कर्मचारियों और वकीलों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बंगाल में कानून राज कहां है
उन्होंने कहा- अगर लोग सुबह 4.30 बजे हथियारों के साथ किसी राजनीतिक दल के कार्यालय में घुस सकते हैं, लोगों पर हमला कर सकते हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जबकि पुलिस मौजूद नहीं है, तो पश्चिम बंगाल में कानून का राज आखिर बचा क्या है?
टीएमसी का बोर्ड हटाया
इसी ऑफिस को लेकर कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था। कोलकाता नगर निगम ने पुलिस की मौजूदगी में इमारत से ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस लिखा साइनबोर्ड हटाया था। इसके बाद अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओब्रायन समेत कई टीएमसी नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
अभिषेक ने हमलावरों को गिरफ्तारी करने की मांग की
सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा इस हिंसा की योजना किसने बनाई और किसके निर्देश पर इसे अंजाम दिया, यह पता लगाया जाना चाहिए। और बार-बार सूचना मिलने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने हमलावरों को गिरफ्तार करने और जवाबदेही तय करने की मांग की। बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय से भी मामले में कार्रवाई की अपील की। उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट से भी घटना का संज्ञान लेने की मांग की।
यह भी पढ़ें –CM विजय का AI वीडियो बनाकर ठगी की कोशिश, सेलेब्रिटीज के डीपफेक विडियो से पुलिस की चिंता बढ़ी
यह भी देखें – निकाय चुनाव से पहले BJP का बड़ा शक्ति प्रदर्शन! वार्ड 13 में दिया कुमारी ने संभाली प्रचार की कमान



