Firecracker factory : यूपी के प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर स्थित पटाखा फैक्ट्री के मालिक को पुलिस ने एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि कल पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। यूपी पुलिस के अनुसार फैक्ट्री मालिक नौशाद शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। आरोपी के साथ मंगलवार तड़के 4 बजे सैय्यद सरावां इलाके में मुठभेड़ हुई।
अवैध तमंचा भी बरामद
इस बारे में मीडिया को सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि पुलिस ने नौशाद की घेराबंदी की तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से अवैध तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस पता लगा रही है कि पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद नौशाद कहां-कहां छिपा रहा और किन लोगों ने भागने में उसकी मदद की।
फैक्ट्री मालिक समेत 6 पर केस, गोदाम पर बुलडोजर चला
पुलिस के मुताबिक, एक मंजिला अवैध फैक्ट्री 600 वर्गफीट में बनी थी। बगल में नई बस्ती बस रही थीं। फैक्ट्री मालिक नौशाद, उसके बेटे आदिल, पत्नी कहकसा बानो, भाई शकील, भाभी शबाना और भतीजी साइना पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शबाना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब गिरफ्तार नौशाद से पूछताछ कर फैक्ट्री के संचालन, पटाखों की खरीद-फरोख्त और अन्य आरोपियों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाएगी। डीएम अमित पाल शर्मा बताया- दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। हादसे के 8 घंटे बाद रात करीब साढ़े 7 बजे फैक्ट्री से 400 मीटर दूर बनाए गए गोदाम को बुलडोजर से ढहा दिया गया। प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान भी मौके पर पहुंची थीं।
पडोसी ने कराया मुकदमा दर्ज
मीरपुर गांव निवासी गया प्रसाद साहू ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उनके मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 11 बजे पड़ोस के घर में जोरदार धमाका हुआ। वहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। विस्फोट में आसपास के 5-6 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। हादसे में मेरे बच्चे जाह्नवी, आदित्य, रवि और अमित की मौत हो गई, जबकि पत्नी अनीता साहू गंभीर रूप से घायल हुई। इसके अलावा विक्रम सरोज और उसकी पत्नी अंजू के घर में भी जनहानि हुई। हादसे के लिए नौशाद, शकील, शबाना, साइना, कहकशा, आदिल और उनके अन्य पारिवारिक सदस्य जिम्मेदार हैं। इन पर कार्रवाई की जाए।
थाना प्रभारी समेत 3 लाइन हाजिर, 2 सिपाही सस्पेंड
कौशांबी के पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी शकील की पत्नी शबाना और बेटी साइना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी पिपरी विकास सिंह, चौकी प्रभारी चायल अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल मनीष पाल को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं दो बीट सिपाही जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
फैक्ट्री का लाइसेंस नहीं था
प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा, पटाखा फैक्ट्री 2 साल से चल रही थी। लाइसेंस भी रद्द हो चुका था। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी तरह का समझौता नहीं होगा। शुरुआती जांच में लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी पिपरी विकास सिंह, चौकी प्रभारी चायल अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल मनीष पाल को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं दो बीट सिपाही जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
पीएम, सीएम ने जताया दुख
पीएम मोदी और सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। सीएम योगी ने भी कहा कि घायलों को 50-50 हजार और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें –आज से कमर्शियल सिलेंडर, दूध, कारें हुई मंहगी; रेस्टोरेंट, कैटरिंग, मिठाई पर असर से बिगड़ेगा बजट
यह भी देखें – वार्ड 96 में जनता का गुस्सा फूटा! पानी-सीवरेज की समस्या पर नेताओं से जवाब मांग रही जनता



