Union Budget 2026: देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल यानि 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी. यह उनका लगातार 9वां बजट होगा. जो सुबह 11 बजे संसद में पेश किया जाएगा. कल पेश होने वाले बजट से पहले अलग-अलग पार्टियों के राजनेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है. इसी कड़ी में शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि रविवार को होगा बस मेरी अपेक्षा इस बजट से ये है कि निर्मला सीतारमण आने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए ये बजट न पेश करें. हमारी अपेक्षा है कि कैसे हमें रोजगारी रेट को बढ़ावा देना है जो टैरिफ लगातार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से आ रहे हैं और ट्रेड डील कही सामने दिख नहीं रहा है उससे हमारे निर्यातकर्त्ता को बहुत हानि पहुंची है उसका ये लोग क्या हल निकालने वाले हैं, कहां ये US डील पहुंची है इसके माध्यम से वो साक्षा करें.
UBT सांसद ने आगे कहा कि जो लगातार रुपया गिर रहा है और अब तो सोने-चांदी का भाव भी गिर रहा है उसका क्या हल होगा कि जनता को किसी तरह से दिक्कत का सामना न करना पड़े. महिलाओं को बजट में क्या सुविधा दी जाएगी ये भी निर्णय लिया जाए यही सब मेरी अपेक्षा है.
केंद्रीय बजट पर उत्तराखंड सीएम की भी आई प्रतिक्रिया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की केंद्रीय बजट 2026 पर भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि केंद्र की कोई भी योजना होती है तो उसमें हमारे राज्य को शामिल किया जाता है पीएम मोदी और भारत सरकार हमेशा हमारा ध्यान रखती है. हमें लगातार भारत सरकार ने दिया है बजट से हमें हमेशा उम्मीद से बढ़कर मिलता है और इस बार भी हमें उम्मीद से बढ़कर मिलेगा.
यह भी पढ़ें: सुनेत्रा पवार को उप मुख्यमंत्री बनाने के पीछे का खेल, शरद पवार के हाथों दोनों एनसीपी के जाने का डर से बनी रणनीति
यूपी के डिप्टी सीएम ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि कल संसद में देश का बजट पेश होगा. इस बजट के माध्यम से हम देखेंगे कि कैसे समावेशी बजट बनाया जाता है. किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योगपतियों और गरीबों की आवाज़ बनकर बजट उभरेगा. मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. 2014 से देश में बहुत कुछ परिवर्तित हो चुका है, 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठकर आए हैं.
“बिहार सबसे बढ़ता हुआ राज्य”
बिहार मंत्री अशोक चौधरी ने केंद्रीय बजट 2026 पर कहा कि हमें लगता है कि जिस तरह से पिछले साल भी विशेष प्रावधान हम लोगों के लिए किया गया था तो इस बार भी होगा और अभी पूरे देश में बिहार सबसे बढ़ता हुआ राज्य है. पूरे दुनिया में हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था सबसे तेज गति की रफ्तार से बढ़ रही है और अर्थशास्त्री ने कहा है कि बिहार दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली जगह है और साथ-साथ बिहार का ग्रोथ रेट सबसे तेज गति से बढ़ रहा है. इस ग्रोथ रेट को भारत सरकार भी मान्यता देगी और जिस तरह से पिछले बार उन्होंने विशेष मदद दिया था इस बार भी देंगे.



