Encounter : हरियाणा के गायक अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटरों सुमित और मोहित को यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया है। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत (हरियाणा) की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं। इसमें बदमाश सुमित और मोहित को गोली लग गई। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शूटर सोनीपत निवासी थे
सुमित और मोहित सोनीपत के रहने वाले थे। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। सुमित पर एक और मोहित पर 15 मुकदमे दर्ज थे। दोनों ने अपने दो साथियों के साथ सिंगर की हत्या की थी। दो आरोपी सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं। 26 अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करके निकले, तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और 18 राउंड फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंकित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिंगर के परिवार से मिले केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी सोमवार सुबह सिंगर अंकित बालियान के घर पहुंचे। परिवार से मुलाकात की और ढांढस बंधाया।
- “तुरंत न्याय मिले, यह हमारी सरकारी की प्राथमिकता”
एनकाउंटर पर मंत्री निषाद ने कहा- जीरो टॉलरेंस की नीति है। जांच में समय लगता है, लेकिन लोग राजनीति करते हैं। हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि किसी के साथ अन्याय होने पर तत्परता से न्याय दिलाया जाए।
- “एनकाउंटर की हाईलेवल जांच होनी चाहिए”
शूटर्स के एनकाउंटर पर अयोध्य से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “किन स्थितियों में ये एनकाउंटर हुआ है ये जांच का विषय है। हाईलेवल जांच की जाए।
- “कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है”
- “अपराधी कोई भी हो, बचेगा नहीं”
यूपी सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा- अपराधी कोई भी हो, हमारी सरकार कार्रवाई करती है तो पूरे देश में एक नजीर बनती है। जो लोग इस घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे थे, आज उत्तर प्रदेश सरकार ने ऐसे लोगों को जवाब दे दिया।
- ” हत्यारों को उनकी करनी की सजा मिली”
एनकाउंटर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा-मशहूर गायक अंकित बालयान के निर्मम हत्यारों को आज पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस पर जो भी हमला करेगा, उसको पुलिस सटीक जवाब देगी। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था इसलिए बेहतर है, इसलिए अच्छी है कि हत्यारों को मनोबल पूरी तरह से तोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा- किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। जिस निर्मम ढंग से हत्या की गई थी, पूरा प्रदेश दुखी था। आज हत्यारों को उनकी करनी की सजा मिल चुकी है।
- “सभी हत्यारे खत्म हों, तब संतुष्टि मिलेगी”
अंकित की बहन रीना ने कहा, “हम कार्रवाई से संतुष्ट हैं, लेकिन हमें संतुष्टि तब तक नहीं मिलेगी जब तक मेरे भाई के सभी हत्यारे खत्म नहीं हो जाते। मेरे माता-पिता बुज़ुर्ग हैं। मेरा भाई अंकित परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। मेरे माता-पिता का कोई और सहारा नहीं है। मेरी गुज़ारिश है कि मेरे भाई को नौकरी दी जाए। अंकित के नाम पर एक स्टेडियम बनाया जाए जिसमें उसकी मूर्ति बनाई जाए।”
अभी आधा इंसाफ, बाकियों को भी मारें
अंकित के पिता सतबीर ने कहा कि अभी आधा इंसाफ मिला। अब उम्मीद है कि पूरा इंसाफ मिल जाएगा। पहले उम्मीद धीरे-धीरे वो डगमगाने लगी थी। बाकी बचे दोनों आरोपियों को और मारो, तभी हमें तसल्ली होगी। अब पुलिस और योगीजी पर हमारा विश्वास बढ़ गया है। 5-6 दिन हो गए थे, आज कार्रवाई नहीं होती तो विश्वास टूट जाता।
यह भी पढ़ें – दिल्ली में नाबालिग छात्रा से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप, बस ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
यह भी देखें – वार्ड 123 में सीवरेज-कचरे से हाहाकार! पार्षद से नाराज जनता बोली- सिर्फ आश्वासन मिला



