Stalin : तमिलनाडु पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को मद्रास हाईकोर्ट के आदेश के बाद रिहा कर दिया है। स्टालिन के खिलाफ अभिनेत्री तृषा पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप है। पुलिस ने उनके खिलाफ 6 धाराओं में केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयनिधि ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, उस पर सुनवाई होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर लिया था। मद्रास हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि उदयनिधि को पूछताछ के बाद आज ही रिहा कर दिया जाए।
अभिनेत्री तृषा पर आपत्तिजनक टिप्पणी
डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन पर कावेरी जल विवाद पर आयोजित एक रैली में अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ छह धाराओं में केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयनिधि ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी भी दी है। स्टालिन तंजावुर में कावेरी मुद्दे पर आयोजित रैली में उदयनिधि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान भीड़ से कुछ लोगों ने तृषा, तृषा के नारे लगाए। आरोप है कि इस पर उदयनिधि ने कहा, पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, वहां जरूर पहुंचना चाहिए। बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनका इशारा कावेरी के पानी की ओर था। हालांकि, विपक्षी दलों ने इस टिप्पणी को अभिनेत्री तृषा से जोड़ते हुए डबल मीनिंग और महिलाओं का अपमान करने वाला बताया। इसी विवाद के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
दूसरी पार्टियों ने भी आलोचना की थी
अपनी प्रतिक्रिया देते हुए टीवीके विधायक रेवंत चरण ने कहा कि इससे डीएमके की राजनीतिक संस्कृति और सोच उजागर होती है। वहीं, एमडीएमके के प्रमुख सचिव और राज्यसभा सांसद दुरई वाइको ने कहा कि कार्यक्रम का मकसद कावेरी और किसानों की समस्या उठाना था, लेकिन इस तरह की टिप्पणी महिलाओं का अपमान है।
भाजपा ने कहा माफी मांगें
तमिलनाडु भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने टिप्पणी को अश्लील और शर्मनाक बताते हुए उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने कहा कि उन्हें अभिनेत्री तृषा से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। टीवीके नेता आधव अर्जुन ने उदयनिधि को अश्लील निधि बताते हुए कहा कि उन्होंने राजनीतिक संवाद का स्तर गिराया है। पार्टी प्रवक्ता फेलिक्स जेराल्ड ने भी उनकी टिप्पणी की निंदा की।
सफाई- उदयनिधि ने किसी का नाम नहीं लिया
डीएमके सांसद टी.आर. बालू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उदयनिधि ने किसी महिला का नाम नहीं लिया और पूरा विवाद झूठा है। वहीं, पूर्व मंत्री टी. मनो थंगराज ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि कावेरी मुद्दे और डेल्टा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए इस विवाद को हवा दी जा रही है।
तृषा और विजय के रिश्ते की चर्चाएं
तृषा कृष्णन और विजय पिछले दो दशक से तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित ऑन-स्क्रीन जोड़ों में रहे हैं। दोनों ने घिल्ली, थिरुपाची, आथि, कुरुवी और लियो जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है। पिछले कुछ वर्षों से दोनों के रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। तिरुमाला मंदिर में साथ दिखने और निजी मुलाकातों की खबरों के बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ा। हालांकि, विजय और तृषा दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है।
यह भी पढ़ें –तीन राज्यों में उपचुनाव Result: बांकीपुर से प्रशांत, मंजलपुर से भाजपा जीती, दतिया से कांग्रेस
यह भी देखें –जयपुर में UGC कानून के खिलाफ सड़कों पर उतरा सवर्ण समाज | महिपाल सिंह मकराना की सरकार को खुली चेतावनी



