Roshan Anand: पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग के फाउंडर रोशन आनंद आज सोमवार को बेउर जेल से रिहा हो गए हैं. जेल से रिहा होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रोशन आनंद ने फैजल खान उर्फ खान सर और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक RS प्रसाद पर अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया है. बता दें कि रोशन आनंद को खान सर की कोचिंग पर पथराव मामले में आज पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिली है. जिसके बाद वे अपने भाई प्रिंस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सहरसा रवाना हो गए. इससे पहले उन्होंने कहा कि मैं बाहर था, तब मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ. लेकिन जब मुझे जेल भेजा गया, तो मेरे भाई की हत्या कर दी गई.यह एक साजिश है. फैसल खान ने बहुत झूठ बोला है. हमारी तरफ से कोई फायरिंग नहीं हुई, फिर भी उसने दावा किया कि फायरिंग हुई थी. CCTV फुटेज में दिख रहा है कि फायरिंग किसने की, फैसल खान. फिर भी, फैसल खान जेल से बाहर है. उसे पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है.डंबल इंजन सरकार पर हमें भरोसा है हमारे साथ न्याय होगा.
“कानून के तहत भाई की हत्या का बदला लूंगा”
रोशन आनंद ने आगे कहा कि हमारे भाई की हत्या फैज़ल खान ने एक षड्यंत्र के तहत करवाई है. मैं हर चीज का पर्दाफाश करूंगा, पटना प्रशासन इतना कमजोर कैसे हो गया? हमें घटना के 6 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन पटना पुलिस को 72 घंटे का समय मिलने के बाद भी फैजल खान को गिरफ्तार नहीं कर पाई. कुछ नेताओं का संरक्षण फैजल खान को मिला हुआ है. फैजल खान का नार्कों टेस्ट होना चाहिए. पटना पुलिस फैजल खान के हाथों बिक चुकी है, फैजल खान ने मेरी गिरफ्तारी करवाने के लिए कदमकुआं थाने में करोड़ों रुपये बहाए है. मैंने अपने जीवन का सबसे अनमोल रत्न खोया है कानून के तहत भाई की हत्या का बदला लूंगा.
नेपाल के होटल में मिला था प्रिंस यादव का शव
बता दें कि ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर के एक होटल से बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालन और प्रशासनिक कामों को प्रिंस यादव ही संभालते थे. बीते दिनों खान सर की कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज के साथ विवाद के बाद रोशन आनंद और प्रिंस यादव के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था.जिसके बाद पुलिस ने रोशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया, वहीं प्रिंस यादव गिरफ्तारी के डर से नेपाल भाग गए. इस घटना को कुछ दिन ही बीते हैं कि प्रिंस यादव का शव नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है.नेपाल पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में भी लिया था.पुलिस पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में प्रिंस यादव की मौत हुई है.
यह भी पढ़ें: ‘हिंदू जहरीला हो गया’ बयान पर गरमाई सियासत, BJP ही नहीं कांग्रेस-AIMIM ने भी अखिलेश को घेरा



