Chandigarh BJP Office Blast: पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग (Amrinder Singh Raja Warring) ने चंडीगढ़ में पंजाब BJP कार्यालय के बाहर हुए धमाके पर कहा कि मेरा मानना है कि पंजाब में एक गहरी साज़िश रची जा रही है. पंजाब साज़िश का शिकार हो रहा है. लोगों को बांटने की कोशिशें की जा रही हैं. चंडीगढ़ सीधे केंद्रीय गृह मंत्री के अधिकार क्षेत्र में आता है जहां प्रशासक ही उपराज्यपाल के तौर पर काम करते हैं और इसलिए, यह सीधे तौर पर BJP की ज़िम्मेदारी बन जाती है. फिर भी, पंजाब को अस्थिर करने की साज़िश रची जा रही है. हमें बहुत सारी जानकारी मिली है, जिसे हम आने वाले दिनों में इसका खुलासा करेंगे. सरकार की मंशा पंजाब में राज्यपाल शासन लगाने की है, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे. पंजाब एक गहरी साज़िश का शिकार हो रहा है.
“चंडीगढ़ हमें सौंप दीजिए”
पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा (Harpal Singh Cheema) ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ को संभाल नहीं पा रही है. चंडीगढ़ के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि इस शहर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा हासिल है, और इसके पुलिस और कानून-व्यवस्था की देखरेख गृह मंत्री अमित शाह करते हैं. इसका मतलब है कि BJP की खुफिया तंत्र नाकाम हो गई है. पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर कोई समस्या नहीं है. चंडीगढ़ हमें सौंप दीजिए, अभी यह भाजपा के नियंत्रण में है और इसी वजह से यहां हत्याएं हो रही हैं, और गुंडागर्दी व अपराध बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब सेफ हाथों में है. आम आदमी पार्टी की सरकार सिक्योरिटी पर कोई कंप्रोमाइज नहीं करती. जीरो टॉलरेंस है. जो भी पंजाब की सिक्योरिटी को हिलाने की कोशिश करेगा, पंजाब के लॉ एंड ऑर्डर को खराब करने की कोशिश करेगा, उसको सख्त हाथों से लिया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: “BJP के पैसों पर हैदराबाद से भेजा…” ओवैसी का बिना नाम लिए CM ममता बनर्जी ने बोला हमला
“बुरी तरह फेल हो चुकी है”
उन्होंने (Harpal Singh Cheema) कहा कि चंडीगढ़ हमें दे दीजिए. पंजाब तो हजारों बार, जब से ये स्टेट बना है, हम मांग रहे हैं कि चंडीगढ़ पंजाब को मिलना चाहिए. चंडीगढ़ हमारे हवाले कर दो, तो हम सिक्योरिटी की जिम्मेदारी खुद लेंगे. एक भी गलत काम नहीं होगा. आज चंडीगढ़ को कूड़े का डंप बना दिया गया. जो सिटी ब्यूटीफुल था, उसको कूड़े का डंप बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं. वहां लॉ एंड ऑर्डर की पोजीशन खराब है. हर जगह मार-धाड़ की घटनाएं हर रोज होती हैं, हर एक मार्केट में होती हैं. इसका मतलब कि भारतीय जनता पार्टी जो है, बुरी तरह फेल हो चुकी है.
“बीजेपी-AAP की सरकार का टोटल कोलैप्स है”
जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह (Pargat Singh) ने कहा कि ये भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार का टोटल कोलैप्स है. इसका रीजन ये है कि टोटल फेलियर है. अगर ऐसे वीवीआईपी ज़ोन में यह हो रहा है तो मेरा ख्याल है कि हमारी जितनी एजेंसियां हैं उन्हें अपने इंटरनल सिस्टम को ठीक करना पड़ेगा. दूसरी बात यह है कि यह लोग बड़ी बड़ी बातें करते हैं. पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर बिल्कुल कोलैप्स कर चुका है.



