Blast : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में एक मस्जिद के पास पुलिस लाइंस के गेट पर विस्फोटक पदार्थो से भरी गाड़ी टकरा गईं जिससे जोरदार धमाका हुआ। पास ही मस्जिद में शुक्रवार की नमाज हो रही थी। धमाके से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। धमाके से मस्जिद के बाहर का हिस्सा पूरी तरह टूट गया और एक दीवार भी गिर गई। कोहाट के सरकारी अस्पताल के अधिकारी ताहिर अली शाह ने बताया कि अस्पताल में 16 शव और 50 से ज्यादा घायलों को लाया गया। घायलों में कुछ पुलिसकर्मी भी हैं।
विस्फोट से भरी गाडिया टकराईं
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि पुराने पुलिस लाइंस के गेट पर विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराई थी। प्रशासन ने कोहाट-हंगू रोड को बंद कर दिया है। घायलों की संख्या बढ़ने के बाद अस्पताल में इमरजेंसी लगा दी गई है। अभी यह साफ नहीं है कि धमाका कैसे हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट से मस्जिद के बाहरी हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा।
खैबर पख्तूनख्वा सीएम ने घटना की रिपोर्ट मांगी
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना बेहद गलत है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का तुरंत इलाज कराने के निर्देश दिए। अफरीदी ने कहा, आतंकियों की ऐसी हरकतों से देश का हौसला नहीं टूटेगा। खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी धमाके की निंदा की।
कोहाट में पहले भी हुआ बम धमाका
बता दें कि कोहाट में इससे पहले भी बड़ा हमला हो चुका है। 2010 में पुलिस लाइंस के पीछे बनी एक पुलिस कॉलोनी में रिमोट कंट्रोल बम धमाका हुआ था। इसमें 20 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्य थे। वहीं, 90 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स में पाकिस्तान दूसरे नंबर पर
ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के मुताबिक, बुर्किना फासो के बाद पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे आतंक प्रभावित देश बन चुका है, जबकि 2024 में यह चौथे स्थान पर था। 2025 में हमले 90 प्रतिशत बढ़े, जबकि बलूच आर्मी के हमलों में 60 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई। इस्लामिक स्टेट- खुरासान ने अब पाकिस्तानी शहरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें –भारत पर 100 % अमेरिकी टैरिफ का खतरा बढ़ा, ट्रंप को मिला अधिकार
यह भी देखें – झोटवाड़ा में बुलडोजर एक्शन! संजय नगर में मकान टूटा, रोते रहे घरवाले | निगम पर उठे सवाल


