Kerala Elections 2026: केरलम के तिरुवल्ला में आज(4 अप्रैल) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि मैं पहले भी यहां आया हूं लेकिन इस बार हवा का रुख कुछ और है. केरलम में सबसे बड़ा परिवर्तन होने वाला है. 9 अप्रैल को वोटिंग और 4 मई को दशकों के कुशासन के अंत की घोषणा होगी. यह पक्का हो चुका है कि LDF सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. केरलम में पहली बार भाजपा-NDA की सरकार आने वाली है. हमारे केरलम को ईश्वर ने अपार संभावनाएं और संसाधन दिए हैं, यहां समुद्र में ब्लू इकोनॉमी के अवसर हैं, पर्यटन के क्षेत्र में कितनी संभावनाएं हैं लेकिन फिर भी केरलम विकास की दौड़ में बाकी राज्यों से पीछे होते जा रहा है.
“केरलम विकास की नई ऊंचाइयों को पाएगा”
PM मोदी (Narendra Modi) ने आगे कहा कि LDF-UDF की सरकारों ने कभी भी इस क्षेत्र की परवाह नहीं की. यहां कनेक्टिंग सड़कों का हाल बेहाल है. यहां कई वर्षों से एक भी बड़ा पुल नहीं बना है, मेडिकल कॉलेज की हालत इतनी खराब है. जहां बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर की इतनी कमी हो वहां आपका जीवन स्तर कैसा होगा इसका हर कोई अंदाजा लगा सकता है. उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में ईसाई समाज की संख्या बहुत है, एक राज्य को छोड़कर पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में NDA की सरकार है और वहां पिछले 50-60 सालों में जो काम नहीं हुआ है वह हमने करके दिखाया है. गोवा में ईसाई समाज निर्णायक है, वहां लगातार भाजपा-NDA की सरकार है. वह विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है. केरलम में भी NDA की सरकार बनेगी तो केरलम विकास की नई ऊंचाइयों को पाएगा.
“सभी रुकावटें हटेंगी- यह मोदी की गारंटी है”
उन्होंने (Narendra Modi) कहा कि यहां सबरीमाला रेलवे परियोजना इस क्षेत्र में नई संभावनाओं को खोल सकता है, इससे सबरीमाला तक सीधी कनेक्टिविटी बढ़ेगी, स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे लेकिन प्रदेश सरकार ने इस परियोजना को लटका कर रखा. तिरुवल्ला को इसका नुकसान हो रहा है. जब भाजपा की डबल इंजन सरकार आएगी तो ऐसी सभी रुकावटें हटेंगी- यह मोदी की गारंटी है.
यह भी पढ़ें: “मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं…” राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का AAP पर पलटवार
“कांग्रेस और उसके साथी दलों के मनसूबों को बेनकाब कर दिया”
प्रधानमंत्री (Narendra Modi) ने कहा कि पश्चिम एशिया के युद्ध संकट ने कांग्रेस और उसके साथी दलों के मनसूबों को बेनकाब कर दिया है. आज पूरा देश देख रहा है कि खाड़ी के देशों में कैसे हालात बने हैं और वहां हमारे लाखों लोग काम कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता जानबूझकर ऐसे बयान देते हैं जिससे पश्चिम एशिया में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाए, वहां के लोगों के बीच अविश्वास पैदा हो. यह तो हमारी दोस्ती अच्छी है कि खाड़ी देशों की सरकारें हमारे सभी भारतीयों को अपना परिवार मानकर उनकी रक्षा कर रही हैं. यह ऐसी बात करने का समय नहीं है, उन भारतीयों की सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है. कृपया अनाप-शनाप बोलना बंद कर दें जिससे हमारे लोगों को वहां तकलीफ न हों.
“पश्चिम एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझ लें”
PM मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि पश्चिम एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझ लें, हम यहां कोई ऐसी गलती कर दें, कोई ऐसा बयान दे दें और खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों पर मुसीबत आ जाए इसलिए कांग्रेस खाड़ी देशों को नाराज़ करने वाले बयान दे रही है. कांग्रेस चाहती है कि पैनिक फैले और उसे मुझे गाली देने का मौका मिल जाए. मैं कांग्रेस, LDF, UDF के लोगों से कहना चाहता हूं कि राजनीति अपनी जगह है, चुनाव आते-जाते रहेंगे लेकिन मेरे लिए केरलम के जो लाखों लोग वहां हैं उनकी सुरक्षा प्राथमिकता है और मैं उसके लिए प्रतिबद्ध हूं.


