Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि मैं इस्तीफ़ा नहीं दूंगी, मैं हारी नहीं, मैं राजभवन नहीं जाऊंगी. हम चुनाव नहीं हारे. यह हमें हराने की उनकी कोशिश है. चुनाव आयोग के ज़रिए हमें हराया गया है, लेकिन नैतिक रूप से हम चुनाव जीत गए हैं. ममता बनर्जी के बयान पर बीजेपी नेता नलिन कोहली ने कहा कि हो सकता है ममता सदमे में हो क्योंकि भवानीपुर में वह बुरी तरह हारी हैं उनकी पार्टी भरपूर रूप से हार गई हैं. भाजपा की सरकार बन रही है. लोगों ने विश्वास जताया है पीएम मोदी के एजेंडे पर और इसलिए भाजपा को भरपूर रूप से वोट दिया है. हमारे बहुत से सीटे आई हैं और अब ममता जी कैसे कह सकती हैं कि वह इस्तीफा नहीं देंगी. किस आधार पर वो चल रही हैं. संविधान को खतरे में बोलने वाली ममता बनर्जी आज संविधान पर ही खतरा बन रही हैं क्या? लोकतंत्र में जनादेश को स्वीकारना पड़ेगा.
“ममता बनर्जी डबल अंकों में रह गई”
भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि इसी आचरण के कारण ही तो ममता बनर्जी डबल अंकों में रह गई. इसी भय के खिलाफ, इसी अराजकता, इसी परिवारवाद, इसी मां-माटी-मानुष के धोखेबाजी के कारण उनकी(TMC) ये हालत हुई. एक चुनी हुई मुख्यमंत्री, संविधान की शपथ लेकर बनी मुख्यमंमत्री कहती हैं कि मैं इस्तीफा नहीं दूंगी? मत दीजिए, संविधान में आप जैसे लोगों के लिए भी बाबा साहेब अंबेडकर ने व्यवस्था कर रखी है लेकिन इस अराजक और गैर संवैधानिक आचरण को बंद कर दीजिए.
यह भी पढ़ें: इंडिगो विमान में पावर बैंक ब्लास्ट, 5 पैसेंजर घायल, 198 यात्री थे सवार, हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रहा था विमान
“उनकी मन की इच्छा पूर्ण नहीं हुई”
माटीगारा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विजयी उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने कहा कि ममता बनर्जी हार गई हैं, उनकी सरकार चली गई है लेकिन उनकी मन की इच्छा पूर्ण नहीं हुई है. पिछले 15 सालों से बंगाल पर उनकी तानाशाही जारी रही. वे अब चाहती हैं कि जितने भी साल वे हैं बंगाल की जनता को त्रस्त करके रखें. जो लोग हारने के बाद भी अपनी कुर्सी छोड़ने के लिए तैयार नहीं है उनके लिए लोग इसे लेकर क्या कह सकते हैं? लोग बिना डर के मतदान के लिए निकले. निश्चित तौर पर इतने समय बाद अपने अधिकार से वंचित लोगों को जब वोट देने का मौका मिला, तो वे चुनाव आयोग का धन्यवाद कर रहे हैं.
भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सब कुछ संविधान में लिखा है. मुझे ज़्यादा कुछ कहने की ज़रूरत नहीं है.
“भारत के संविधान का अपमान तो कर रही हैं”
भाजपा नेता राजू बिस्टा ने कहा कि ममता दीदी अगर ये कहती है कि वो इस्तीफा नहीं देंगी तो इसका अर्थ ये होता है कि आप भारत के संविधान का अपमान तो कर रही हैं और ये वो बार-बार करती आई हैं लेकिन इस बार जनादेश उनके खिलाफ आया है बंगाल की जनता का भी वह अपमान कर रही हैं और मैं ममता दीदी को कहना चाहता हूं कि आपके इस्तीफे न देने से पश्चिम बंगाल रुकेगा नहीं, पश्चिम बंगाल तो पीएम मोदी के साथ चल पड़ा है और आगे बढ़ेगा.



