LPG Price Hike: घरेलू बजट पर महंगाई का एक और झटका लगा है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी गई है. नई दरें 7 जून की रात 12 बजे से लागू होंगी. दिल्ली में अब घरेलू गैस सिलेंडर ₹913 की जगह ₹942 में मिलेगा. इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर ₹60 महंगा हुआ था.तीन महीने के भीतर घरेलू LPG सिलेंडर के दाम कुल ₹89 बढ़ चुके हैं.
तेल कंपनियों ने बढ़ोतरी की क्या बताई वजह?
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान के कारण सिलेंडर महंगा करना पड़ा है. तेल कंपनियों का दावा है कि उन्हें हर घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब ₹703 का नुकसान उठाना पड़ रहा था. नई बढ़ोतरी से इस घाटे की केवल आंशिक भरपाई हो सकेगी.
छोटे सिलेंडर की कीमत भी बढ़ी
14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलोग्राम LPG सिलेंडर की कीमत में भी ₹11 की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद इसकी कीमत ₹821.50 हो गई है.
पेट्रोल, डीजल और CNG भी हुए महंगे
LPG से पहले पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. मई में पेट्रोल-डीजल करीब ₹7.50 प्रति लीटर और CNG लगभग ₹6 प्रति किलोग्राम महंगी हो चुकी है. जबकि कंपनियों का दावा है कि पेट्रोल और डीजल अभी भी लागत से कम कीमत पर बेचे जा रहे हैं.
LPG सिलेंडर की कीमत कैसे होती है तय?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतें.
डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर.
आयात, परिवहन, बॉटलिंग और वितरण लागत.
तेल कंपनियों की लागत और बाजार स्थिति.
सरकार की टैक्स और सब्सिडी संबंधी नीतियां.
यह भी पढ़ें: CJP के विरोध प्रदर्शन पर सपा, आप, शिवसेना उद्व गुट की आईं प्रतिक्रियाएं



