Delhi Shahdara Railway Station: दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए विवाद ने एक यात्री की जान ले ली. हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट और चढ़ने की होड़ के बीच बागपत निवासी पंकज धामा की कुछ यात्रियों से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई. गंभीर हालत में पंकज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जनरल बोगी में चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा भी ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान कुछ अन्य यात्रियों से उनका विवाद हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ यात्रियों ने पंकज को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया.
वायरल वीडियो ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि मौके पर मौजूद एक आरपीएफ कांस्टेबल ने बीच-बचाव कर पंकज को भीड़ से छुड़ाया. हालांकि, वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि घायल अवस्था में पंकज को प्लेटफॉर्म पर लिटा दिया गया और बाद में वह वहीं पड़े रहे. इस दृश्य ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घायल यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी. कुछ समय बाद उनकी हालत और बिगड़ गई. सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हत्या का मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि पंकज धामा को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल लाया गया था. प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: “अब कोई गुट बचा नहीं है सिर्फ एक ही शिवसेना हो गई…” कोल्हापुर में अमित शाह ने उद्धव गुट पर कसा तंज



