Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज (20 जून) महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे. इस दौरान अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र की पवित्र भूमि पर, माता अंबाबाई का निवास स्थान जहां है, कोल्हापुर में, हम सब एक बहुत अच्छे काम के लिए इकट्ठा हुए हैं. यह वह जगह है जहां माता अंबाबाई सैकड़ों वर्षों से निवास करती हैं. मां अंबाबाई के मंदिर का आज महाराष्ट्र सरकार जीर्णोद्धार और कॉरिडोर निर्माण का काम कर रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि मेरे साथ कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अब, शिवसेना अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे,पहले उनके गुट को शिवसेना (शिंदे गुट) कहना पड़ता था, लेकिन कोई गुट बचा नहीं है,एक ही शिवसेना हो गई है.
“12 सालों में जो नामुमकिन माने जाते थे वो भी हुए”
अमित शाह ने कहा कि पिछले 12 सालों में, जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, उनके नेतृत्व में वे सभी काम पूरे हुए हैं जो कभी नामुमकिन माने जाते थे. 2014 में भाजपा की सरकार आई जिसके बाद आज अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना हुआ है. जिस काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को औरंगजेब ने तोड़ा था, आज उसका पुनर्निर्माण हो रहा है. केदारधाम-बद्रीधाम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है. सोमनाथ में फिर सोने का मंदिर बन रहा है.
“एक-एक घुसपैठिए को हम चुन चुनकर देश से बाहर निकालेंगे”
उन्होंने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र के सभी ज्योतिर्लिंग और शक्तिपीठ पुनर्निर्मित हो रहे हैं. यह हम सभी के लिए बहुत गौरव का विषय है. पूरे विश्वास के साथ, कोल्हापुर की इस पवित्र धरती से, मैं देश की जनता से कहकर जाता हूं कि बंगाल की जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है. बंगाल की जनता का ऋण नरेंद्र मोदी और भाजपा पर है. मैं विश्वास दिलाकर जाता हूं कि न केवल बंगाल की सीमाओं से घुसपैठ बंद हो जाएगी. देश भर से एक एक घुसपैठिए को हम चुन चुनकर देश से बाहर निकालेंगे.
यह भी पढ़ें: “कुछ लोग कुत्ते तो होते हैं लेकिन वफादार नहीं…” शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने बोला हमला



