Supreme Court March : वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस सहित इंडिया ब्लॉक में शामिल अन्य विपक्षी पार्टियां आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च कर रही हैं। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया है। विपक्षी नेता आज दोपहर कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सीजेआई सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था, ताकि उन्हें ज्ञापन सौंप सकें। हालांकि, सीजेआई ने मिलने से इनकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। सीजेआई से मुलाकात की मांग खारिज होने पर कांग्रेस ने कहा- उनके फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन हम मार्च करेंगे। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर पर रोक और बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। साथ ही, 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उनके साथ मारपीट का विरोध भी कर रहा है। विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर जनपथ, मंडी हाउस सहित दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशन बंद हैं।
विपक्ष ने 9 अक्टूबर को राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपा था ज्ञापन
बता दें कि 9 अक्टूबर को इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला था। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंताएं रखी थीं।
राहुल-प्रियंका 4 दिन में 3 बार हिरासत में लिए गए
विपक्षी सांसदों ने 6, 7, 8 और 9 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान तीन बार राहुल और प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
मंडी हाउस, राजीव चौक सहित 6 मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली के जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट सोमवार शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे।



