CEC : मुख्य चुनाव आयोग (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट होने की तैयारी में लगा है। आज कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक हो रही है तो कल इंडिया गठबंधन से जुडी विपक्षी पार्टीयों के नेता कांग्रेस की अगुवाई में बैठक करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मोदी सरकार की कठपुतली बन गए हैं। साजिश के तहत वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं। उन्हें पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है इसलिए तुरंत हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में खड़गे ने कहा कि पूरा देश अब जानता है कि सीईसी का उद्देश्य भाजपा को लाभ पहुंचाना है। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग में कथित मतभेदों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर बैठक की। इसमें फैसला किया गया कि कांग्रेस वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के मुद्दों को संसद में उठाएगी और प्रदर्शन करेगी।
चुनाव आयोग ने दबाव में काम किया
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि सरकार ने लोकतंत्र कमजोर किया- मोदी सरकार ने व्यवस्थित रूप से उस मजबूत लोकतांत्रिक नींव को खोखला कर दिया है जिसे हमारे पूर्वजों ने बनाया था। पीएम मोदी ने युवाओं को वोट देने से रोकने की साजिश रची है। फॉर्म 6 से जुड़े नियमों में गैर-कानूनी तरीके से बदलाव किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पीएम के दबाव में काम किया है। पीएम को नैतिक आधार पर खुद इस्तीफा दे देना चाहिए।
एमएनएस -शिवसेना का 4 अक्टूबर को मुंबई में प्रदर्शन
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे ने मंगलवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि एमएनएस और शिवसेना 4 अक्टूबर को चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई में प्रदर्शन करेंगी।
SIR पर इंडिया ब्लॉक की कल बैठक
दिल्ली में कल विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की बैठक होगी। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों के बाद आगे की रणनीति पर भी बात होगी। जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी का दूसरा नेता पहुंचेगा। वहीं शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बैठक से दूरी बना ली है। पार्टी के सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि ठाकरे मुंबई में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारियों में व्यस्त हैं।
लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में रहेंगे अखिलेश
सपा ने बताया है कि अखिलेश यादव 30 सितंबर को लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक, अखिलेश की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस बारे में बात भी हुई है। वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि अखिलेश पहले से तय कार्यक्रम के कारण बैठक में नहीं आ पाएंगे। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़ी व्यस्तता का जिक्र किया था।
बैठक में ममता, तेजस्वी समेत कई नेताओं के पहुंचने की उम्मीद
इंडिया ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं। तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के भी आने की उम्मीद है। इसके अलावा राजद की तरफ से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी के बैठक में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
संसद में CEC के खिलाफ प्रस्ताव लाने पर चर्चा संभव
बैठक में CEC को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर भी बात हो सकती है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में संसद में उनके खिलाफ प्रस्ताव लाने और विपक्षी दलों की संयुक्त कार्रवाई पर भी चर्चा हो सकती है।
करीब साढ़े तीन महीने बाद हो रही विपक्षी दलों की बैठक
इंडिया ब्लॉक की बैठक करीब साढ़े तीन महीने बाद होने वाली है। बता दें कि इससे पहले 8 जून को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। बैठक में 23 दल शामिल हुए थे। इसमें कांग्रेस से मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी के अलावा ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, उद्धव ठाकरे, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती जैसे बड़े नेता पहुंचे थे। हालांकि, तमिलनाडु की डीएमके और आम आदमी पार्टी की तरफ बैठक में कोई शामिल नहीं हुआ था। डीएमके का कांग्रेस के साथ तमिलनाडु में गठबंधन टूटने के बाद मतभेद था, जबकि आप ने बैठक से दूरी बनाई थी। सीपीआई (एम) ने भी अपने महासचिव एमए बेबी की जगह राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास को भेजा था।
यह भी पढ़ें –नेपाल के हिमालय में हिमस्खलन, 4 की मौत, 12 लापता, बेस कैंप पर बर्फ गिरी
यह भी देखें – शांति वाणी पर्व पर भक्ति में डूबा जैन समाज | भगवान का महाअभिषेक, क्षमा और सद्भाव का संदेश



