Vande Matram : वंदे मातरम् गाने को लेकर अब कांग्रेस शासित राज्य भी केन्द्र से टकराव लेने लगे हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि राज्य में वंदे मातरम के सिर्फ दो छंद ही गाए जाएंगे। सीएम शिवकुमार ने कहा- मैं पार्टी की विचारधारा में विश्वास रखता हूं और हम इस फैसले पर कायम रहेंगे। उन्होंने भाजपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
राष्ट्रगीत के दो ही छंद गाए जाएंगे
बेंगलुरु में आयोजित एक निजी इवेंट में कर्नाटक के सीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम उनकी जानकारी के बिना गाया गया था, लेकिन भविष्य में किसी भी सरकारी कार्यक्रम में अब राष्ट्रगीत के दो ही छंद गाए जाएंगे।
कांग्रेस ने किया ऐलान
दरअसल, कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने 19 अगस्त को ऐलान किया था कि पार्टी अपने सभी कार्यक्रमों में वंदे मातरम के 6 में से सिर्फ शुरुआती दो पैरा ही गाएगी। यह फैसला 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन को लेकर हुए विवाद के बाद आया।
पूरा वंदे मातरम न गाना देशविरोधी
गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस का वंदे मातरम पूरा न गाने का फैसला हैरान करने वाला और देशविरोधी बताया है। अमित शाह ने कहा कि 1937 में कांग्रेस ने जो फैसला लिया था, उसे पीएम मोदी ने सुधारा है। कांग्रेस ने 1937 में राष्ट्रगीत के दो टुकड़े कर मुस्लिम तुष्टीकरण किया था। उस फैसले से दो-राष्ट्र सिद्धांत को मजबूती मिली और आगे चलकर देश का विभाजन हुआ। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन- कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय गीत का अपमान किया है। कांग्रेस अब नई मुस्लिम लीग बन गई है। यह फैसला वंदे मातरम को अपने मन में रखकर बलिदान देने वाले शहीदों का अपमान है।
यह भी पढ़ें –नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही, हाइड्रोपावर प्लांट और गांव डूबे, बिहार के 8 जिलों में अलर्ट
यह भी देखें –वार्ड 26 में पार्षद पर फूटा जनता का गुस्सा | टूटी सड़कों से परेशान लोग बोले- NOTA को देंगे वोट



