CJP Protest: संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राजधानी दिल्ली में आज सोमवार को खूब गहमा-गहमी देखने को मिली. कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर संसद चलो मार्च का आयोजन किया. इस दौरान संसद भवन के करीब पहुंचे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्ध सैनिक बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया.
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटाया जा रहा है. टेंट निकाल दिए गए हैं और मंच खाली करा लिया गया है. प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा जा रहा है. उनपर लाठीचार्ज किया गया है.
सीजेपी की ओर से दावा किया गया है कि अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया गया है. हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा से मुलाकात की और उन्हें मांगों का एक पत्र सौंपा. CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उनकी तरफ से अपनी मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रखी गई है. जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग भी शामिल है. मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इस मुद्दे पर उचित स्तर पर चर्चा करेंगे. हालांकि अभी कोई ठोस वादा नहीं किया गया है. सौरव दास ने नड्डा के साथ मुलाकात की एक फोटो भी शेयर की है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 बजे से हमारी बातचीत चल रही है. बैठक अच्छे माहौल में हुई. उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ शुरुआती बातचीत विस्तार से हुई और शाम करीब 4 बजे उन्होंने मुझे एक लिखित ज्ञापन सौंपा. मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अपना धरना खत्म करने और हालात सामान्य करने में प्रशासन की मदद करने का आग्रह किया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली में गृह सचिव, दिल्ली पुलिस के कमिश्नर और आईबी चीफ की बीच बैठक हुई है.
वहीं गृहमंत्री अमित शाह के दफ्तर में एक बड़ी बैठक चल रही है. इस बैठक में धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल और किरन रिजिजू मौजूद हैं.
यह भी पढ़ें: CJP Protest: संसद के करीब पहुंचे प्रदर्शनकारी, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, दीपके ने खत्म की भूख हड़ताल



