CJP: जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में उस समय हंगामा हो गया जब पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके शहीद स्मारक पर अपने समर्थकों के कंधों पर सवार थे तभी भीड में से दो युवकों अचानक अभिजीत पर हमला कर दिया। युवकों ने अभिजीत को थप्पड़ मारे। इसके बाद पार्टी के समर्थकों ने उन दोनों युवकों को पकड़कर पीट दिया। अभिजीत सोमवार को नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आए। शहीद स्मारक पर अभिजीत की अगुवाई में सैकड़ों प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं चलेगी
थप्पड़कांड के बाद अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। अभिजीत ने नारा लगाया कि ‘हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं चलेगी, नहीं चलेगी।’ हमें यह स्वतंत्रता कुर्बानियों के बाद मिली थीं। हमें हिंदू-मुस्लिम में बांटा जाता है। जाति धर्म में बांटा जाता है, लेकिन हमें इसमें नहीं फंसना है। CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि हम 20 जून को फिर दिल्ली चलेंगे। इस बार जब दिल्ली जाएंगे, तो बिना इस्तीफे के नहीं लौटेंगे। उन्होंने ‘दिल्ली चलो’ का नारा भी लगाया। राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन खत्म हो गया।
युवक बोला- ये जिहादी मानसिकता के लोग
थप्पड़ मारने वाले युवक ने कहा कि मैं जयपुर का ही रहने वाला हूं। मैं राष्ट्रवादी हूं। ये जिहादी मानसिकता के लोग हैं। ये अभिजीत दीपके बिना बात के देश को बरगला रहा है। ये पेपर लीक तो बस बहाना है।
पुलिस ने युवकों को हिरासत में लिया
सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वाले युवकों को पुलिस पकड़कर ले गई है।
आपस में भिड़े समर्थक, कई के फोन चोरी
प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। धरना स्थल पर कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल भी चोरी हो गए। इसके बाद मंच से लोगों को मोबाइल और सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई। प्रदर्शन में शामिल युवा मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है और पेपर लीक बंद करो जैसे नारे लिखे पोस्टर और तिरंगा लेकर पहुंचे। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के गेट पर कॉकरोच की तस्वीर बनाई और श्धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दोश् का नारा लिखा।
जयपुर में प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी का आज जयपुर में प्रदर्शन है। प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए इसके संस्थापक अभिजीत दीपके देर रात जयपुर पहुंच गए थे। पार्टी की ओर से सोमवार गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम है इसके लिए पार्टी ने युवाओं से शहीद स्मारक पहुंचने की अपील भी की। नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सीजेपी का देशभर में विरोध-प्रदर्शन की श्रंखला के तहत राजस्थान में प्रदर्शन कर पार्टी स्वयं को अखिल भारतीय स्तर की पार्टी बनने का संकेत दे रही है। जयपुर में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी। प्रदर्शन को लेकर जयपुर पुलिस ने सशर्त अनुमति दी है। प्रशासन की ओर से जारी शर्तों के अनुसार, कार्यक्रम में 800 से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रदर्शन में तिरंगा, किताब और फूल लेकर आने की अपील
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में आने वाले लोग अपने साथ तिरंगा, किताब और फूल लेकर आएं। रांका ने कहा- यह केवल किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की लड़ाई है। यह शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की लड़ाई है। सभी लोग एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करेंगे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। पार्टी का दावा है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और प्रशासन की ओर से तय सभी नियमों व शर्तों का पालन किया जाएगा। वहीं, इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : ट्रेन में आग की अफवाह से घबराकर यात्री उतरे, दूसरी ट्रेन की चपेट में आकर चार की मौत
यह भी देखें: लाखों खर्च फिर भी बदहाल सामोद! गंदा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण। KBP Times



