I-PAC Raid Case: सुप्रीम कोर्ट द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी करने पर भाजपा विधायक भावना बोहरा की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि भारत संविधान और कानून से चलता है और यह बात सुप्रीम कोर्ट ने बहुत स्पष्ट कर दी है. बंगाल में कोई नवाबी रियासत नहीं है बल्कि वो भारत का एक महत्वपूर्ण राज्य है. जिस तरह से सभी राज्यों में कानून-व्यवस्था है, उसी तरीके से बंगाल में भी कानून का ही राज रहेगा, यह बात सुप्रीम कोर्ट ने बहुत स्पष्ट तरीके से की. मुझे कोई उम्मीद नहीं है कि ममता बनर्जी को इस बात से कोई असर होगा.
“छीना-झपटी की है“
वहीं सुप्रीम कोर्ट द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी करने पर भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि ममता बनर्जी ने जिस तरह कानून तोड़ा है, छीना-झपटी की है, उससे साफ जाहिर है कि वे मुख्यमंत्री पद पर बने रहने लायक नहीं है. बंगाल में TMC की सरकार अराजक स्थिति बनाए हुई है और इसका संज्ञान सुप्रीम कोर्ट ने भी लिया है.
यह भी पढ़ें: बिहार में CM नीतीश की समृद्धि यात्रा का आज से आगाज, क्या बोले सरकार के मंत्री?
“इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा“
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मनमानी, भ्रष्टाचार, अत्याचार यही पहचान आज पश्चिम बंगाल की बन गई है, जनमानस इससे पीड़ित है. जब भ्रष्टाचार के खिलाफ देश की संस्थाएं जांच करती हैं तो ममता बनर्जी खुद सड़कों पर उतर आती हैं. इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा? TMC जा रही है, ममता बनर्जी की बौखलाहट, घबराहट नजर आ रही है.
“सभी को कानून का पालन करना चाहिए“
बीजेपी नेताओं के अलावा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस की भी प्रतिक्रिया आई. उन्होंने कहा कि अदालतें हैं, सभी को कानून का पालन करना चाहिए, सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा है वही अंतिम है.



