Assam Assembly Election 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होती जा रही है. सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से चुनावी अभियान में जुटी हुई है. इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) के बयान ‘मियां गेम चेंजर साबित होंगे’ पर राजनीति तेज हो गई है. इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी (Pramod Tiwari) की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि ओवैसी तो भारतीय जनता पार्टी के बिछड़े हुए जुड़वां भाई हैं. वो वही बोलेंगे जिससे भाजपा को फायदा हो. सोच-समझ कर स्क्रिप्ट तैयार होती है. ओवैसी साहब जानबूझकर बोल रहे हैं वोटों को बंटवारे के लिए. ओवैसी जो बोलते हैं वो स्क्रिप्ट भाजपा कार्यालय में तैयार होती है और ओवैसी वही बोल देते हैं.
“मियां मुसलमान जो घुसपैठिए हैं, इनको तो जाना ही होगा”
वहीं झारखंड से भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव (Pratul Shahdev) ने कहा कि देखिए, असम में AIMIM और AIUDF दोनों साथ मिलकर वहां चुनाव लड़ने जा रहे हैं. हम मानते हैं यह सांपनाथ और नागनाथ का मिलन है. दोनों मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए जाने जाते हैं. असम में जब मियां मुसलमान की बात करते हैं तो स्थानीय भाषा में इसका तात्पर्य रोहिंग्या घुसपैठिए मुसलमानों से होता है, बांग्लादेशी घुसपैठिए मुसलमानों से होता है. तो ओवैसी साहब आप हां कहें चाहे ना कहें, इन मियां मुसलमान जो घुसपैठिए हैं, इनको तो जाना ही होगा. इनका वजूद हम मिटा देंगे. यहां ऐसी सिचुएशन क्रिएट कर देंगे कि इनको धीरे-धीरे जाना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें: इजरायल-अमेरिका ने तबाह किया ₹3800 करोड़ का पुल, गुस्साएं ईरान की मिडिल ईस्ट के 8 ब्रिज उड़ाने की धमकी
क्या बोले थे असदुद्दीन ओवैसी?
दरअसल, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने असम के मोरीगांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि यहां के मुख्यमंत्री(हिमंत बिस्वा सरमा) बोलते हैं कि हमारी कमर तोड़ देंगे, हमारा जीना हराम कर देंगे. हमें खत्म करने वाले सुन लें दुनिया तब तक जिंदा रहेगी जब तक मियां जिंदा रहेगा. हम किसी से डरने वाले नहीं है. उन्होंने कहा कि मियां गेम चेंजर साबित होंगे.



