Road Accident : आज सुबह झांसी के नजदीक सड़क हादसे में यूपी के माफिया रहे अतीक अहमद के 21 साल के बेटे की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान के आखिरी शब्द थे- मुझे बचा लो। जानकारी के अनुसार अबान झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था। हादसा सुबह पांच बजे का है।
कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा अबान
अबान का शव प्रयागराज में कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। तमाम लोग कब्रिस्तान पहुंचे हैं।
प्रयागराज में अतीक के घर के बाहर लोग इकट्ठा हो रहे
प्रयागराज में अतीक अहमद के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। लोग अबान के मौत की खबर पाकर पहुंचे हैं।
हाईकोर्ट के आदेश पर ही अतीक के बेटों को मिलेगी पैरोल
अतीक अहमद के जेल में बंद दो बेटों को अबान में जनाजे में शामिल कराने के लिए परिवार के लोगों ने प्रयागराज जिला अदालत के वकीलों से संपर्क किया है। वकीलों ने जवाब दिया कि हाईकोर्ट में पैरोल अर्जी दाखिल करनी होगी। इसकी तैयारी में परिवार के लोग हैं।
भीषण टक्कर, सात फीट उछली कार
जानकारी के मुताबिक माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान गुरुवार सुबह 5 बजे प्रयागराज से झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली से मिलने क्रेटा कार से जा रहा था। कार में अबान के साथ उसके 4 दोस्त थे। झांसी से 70 किमी पहले सुबह 10.30 बजे पूंछ थाना इलाके में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। एअरबैग खुले, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि कार 7 फीट हवा में उछल गई। 40 फीट तक कार के टुकड़े हाईवे पर बिखर गए। अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। अबान समेत सभी 5 लोग अंदर फंस गए। चीख-पुकार मच गई।
“मुझे बचा लो…”
पुलिस और राहगीरों ने जैसे-तैसे दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। आगे की सीट पर बैठे अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाकी 3 घायल उमर अहमद, मोहम्मद जैद और एहजाम को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, मरने से पहले अबान के आखिरी शब्द थे- “मुझे बचा लो…”।
हादसे की वजह पर असमंजस
हादसे की मुख्य वजह बताई तो डिवाइडर से तेज रफ्तार कार का टकराना बताया जा रहा है लेकिन जानकारी के अनुसार हादसे की दो वजह सामने आ रही हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी दीपक का कहना रहा कि हाईवे पर एक बछड़ा अचानक आ गया। उसे बचाने के लिए ड्राइवर ने कार को लेफ्ट साइड मोड़ दिया। उसी दौरान बाइक सवार आ गया तो ड्राइवर ने कार दोबारा लेफ्ट की तरफ मोड़ दी। कार डिवाइडर से टकरा गई। वहीं, घायल उमर अहमद ने बताया- हाईवे पर ईंट पड़ी थी। इसके चलते कार बेकाबू हुई।
मिट्टी में भाइयों को आने दिया जाए
अतीक अहमद के 5 बेटे थे। अबान सबसे छोटा था। एक बेटा असद 2023 में झांसी में ही पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। अब तीन बेटे हैं, इसमें बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल, दूसरा अली झांसी जेल में बंद है। जबकि अबान से बड़ा अहजम अभी ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। वह झांसी पहुंचा है। लाश देखकर बोला- मिट्टी में भाइयों को आने दिया जाए।
अतीक अहमद का हुआ था मर्डर
प्रयागराज में फरवरी 2023 को वकील उमेश पाल की हत्या की गई थी। इस मामले में गुजरात जेल में बंद अतीक और बरेली जेल से उसके भाई अशरफ को प्रयागराज पेशी पर लाया गया था। वहां 15 अप्रैल 2023 को अतीक और अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई थी। अतीक की पत्नी शाइस्ता अभी फरार है।
यह भी पढ़ें – 4000 किलो वजनी रॉकेट चांद से टकराया, नासा ने कहा- धरती को खतरा नहीं
यह भी देखें -जयपुर में नाड़ी का फाटक ROB बना मुसीबत | जलभराव, जाम और डंपरों से लोग परेशान | KBP Times


