Oracle Layoffs:अमेरिकी आईटी कंपनी ओरेकल ने करीब 30 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी में 12 हजार भारतीय भी शामिल है. ओरेकल कंपनी में एक महीने के अंदर छटनी का दूसरा दौर भी शुरू होने का अनुमान है. कंपनी के कर्मचारियों को सुबह 5-6 बजे के करीब ई-मेल मिले, इसके कुछ ही मिनटों बाद उनका सिस्टम एक्सेस बंद कर दिया गया. कर्मचारियों के मुताबिक सुबह जब वे सोकर उठे तब उनके ईमेल के इनबॉक्स में टर्मिनेशन लेटर था. भारत में पूरी की पूरी टीमों को रातों-रात खत्म कर दिया गया.
ओरेकल कंपनी एआई में भारी निवेश कर रही है
BBC की एक रिपोर्ट में सीनियर कर्मचारियों के हवाले से कहा गया है कि ओरेकल कंपनी एआई में भारी निवेश कर रही है इस वजह से यह कदम उठाया गया है. ओरेकल कंपनी अंदरूनी तौर पर AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहा है. इसकी मदद से कम कर्मचारी ज्यादा काम कर पा रहे हैं. वहीं एक सीनियर मैनेजर माइकल शेफर्ड ने LinkedIn पर लिखा कि सीनियर इंजीनियर्स, आर्किटेक्ट्स, ऑपरेशंस लीडर्स, टेक्निकल स्पेशलिस्ट को नौकरी से निकाल दिया गया है.
यह भी पढ़ें: “केवल बम, बंदूक, दंगों और कर्फ्यू…” PM मोदी ने असम की धरती से कांग्रेस पर किया बड़ा प्रहार
खुद नौकरी छोड़ने वाले को मिलेगी 2 महीने की एक्सट्रा सैलरी
ओरेकल कंपनी ने भारत में एक साल पूरा कर चुके कर्मचारियों को 15 दिन का वेतन बोनस के रूप में देने की पेशकश की है. इसके अलावा उन्हें टर्मिनेशन डेट तक एक महीने की अनपेड सैलरी, लीव इनकैशमेंट, पात्रता के आधार पर ग्रेच्युटी और एक महीने के नोटिस पीरियड का पेमेंट भी मिलेगा. इसके अलावा कंपनी अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को दो महीने की एक्सट्रा सैलरी भी दे रही है.
बता दें कि ओरेकल कपंनी दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक है. यह दूसरी कंपनियों और सॉफ्टवेयर और क्लाउड कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्टर की सुविधा देती है. दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शुमार लैरी एलिसन ओरेकल के को-फाउंडर, चेयरमैन और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर है. पिछले तीन महीनों में अमेजन, मेटा और डेल जैसी कंपनियों को मिलाकर करीब 94000 से ज्यादा लोग अपनी नौकरी गंवा चुके हैं.



