Drugs : पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार एक्टिविस्ट झोटा मंगलवार सुबह फेसबुक पर लाइव आए और एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। उनका आरोप था कि केमिस्ट दवा के नाम पर नशे का सामान बेच रहा है। इस पर केमिस्ट अश्विनी से उनकी बहस हुई। इसी दौरान अश्विनी ने उन्हें 3 गोलियां मार दीं।
आरोपी की दुकान तोडी़
उनके 4 साथियों को भी गोली लगी। जब झोटा को साथी ले जाने लगे तो मेडिकल स्टोर मालिक हाथ में पिस्टल लेकर पीछे दौड़ा। कुछ देर बाद वह मेडिकल स्टोर बंद कर भाग गया। झोटा के कत्ल से उनके समर्थक व परिजन सिविल अस्पताल के बाहर जमा हो गए। उन्होंने मानसा शहर बंद का ऐलान किया और अंतिम संस्कार से इनकार किया। उन्होंने झोटा का शव मांगा, लेकिन पुलिस ने शव नहीं दिया। गुस्से में उन्होंने आरोपी की दुकान तोड़ दी।
पूरी वारदात फेसबुक लाइव वीडियो में रिकॉर्ड
कत्ल की यह पूरी वारदात झोटा के ही फेसबुक लाइव वीडियो में रिकॉर्ड हो गई। गोली लगने के बाद वह नीचे गिर पड़े, तब इसकी रिकॉर्डिंग बंद हुई। इस वीडियो में दिख रहा है कि परविंदर झोटा कहते हैं कि यह सुबह का टाइम है। यह बाबा (बुजुर्ग) नशा लेकर आया है। सामने मेडिकल स्टोर मालिक खड़ा है, झोटा कहता है कि निकाल ले पिस्टल, मार दे फायर। झोटा आगे कहते हैं- दुकानदार ने पिस्टल निकाल रखा है। इस पर दुकानदार कहता है कि मेरे पास कुछ नहीं। फिर झोटा पूछता है कि इस बाबा को तूने नशा बेचा। दुकानदार इनकार करता है, तो झोटा कहता है कि CCTV कैमरा दिखा दे। झोटा बुजुर्ग को पूछता है कि वह इसी दुकान से लेकर गया। बुजुर्ग के हां करते ही झोटा कहता है कि DSP को फोन लगाओ। दुकानदार कुछ कहता है, तो झोटा कहता है कि तू गोली मार दे। इस दौरान झोटा और दुकानदार में बहस होती रहती है। दुकानदार कहता है कि तू गंद डाल रहा है। झोटा पूछता है कि फिर तुझे पिस्टल निकालने की क्या जरूरत है। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो जाती है। झोटा सबको दूर रहने के लिए कहता है क्योंकि दुकानदार ने पिस्टल निकाल रखी है। करीब सवा 4 मिनट की बहस के बाद दुकानदार पिस्टल से झोटे को गोली मार देता है। थोड़ी देर झोटे की शक्ल दिखी लेकिन उसके बाद मोबाइल नीचे गिर जाता है।
दुकानदार के साथ रंजिश
पुलिस के मुताबिक, साल 2023 में परविंदर झोटा ने नशा बेचने की वजह से इसी दुकानदार के गले में जूतों की माला पहनाकर घुमाया था। इस वजह से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी के अनुसार कातिल की तलाश की जा रही है। आरोपी के परिवार को डिटेन किया है। वहीं, सीएम भगवंत मान ने सभी जिलों के डीसी और एसपी की हाई लेवल मीटिंग बुला ली है।
पंजाब में नशे का हजारों करोड़ रुपए का कारोबार
पंजाब सरकार के आर्थिक सर्वेक्षणों के अनुमान के मुताबिक, पंजाब में हर साल लगभग 7,500 करोड़ रुपए के नशे की खपत होती है, जिसमें से करीब 6,500 करोड़ रुपए अकेले हेरोइन (चिट्टे) पर खर्च किए जाते हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार, पूरे भारत में जितनी हेरोइन जब्त होती है, उसका 58 प्रतिशत हिस्सा अकेले पंजाब से पकड़ा जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने साल 2025 में पंजाब में रिकॉर्ड 2,086 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी। पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की सख्त कार्रवाई के तहत 2022 से 2025 के बीच में नशा तस्करों की 2,730 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियां कुर्क और जब्त की जा चुकी हैं।
पंजाब में 3 रास्तों से आता है नशा
अंतरराष्ट्रीय सीमा- पंजाब में सबसे घातक नशा हेरोइन (चिट्टा) मुख्य रूप से पाकिस्तान के रास्ते गोल्डन क्रीसेंट (अफगानिस्तान-पाकिस्तान-ईरान) से आता है। वर्तमान में तस्करों द्वारा सीमा पार से ड्रग्स भेजने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल बहुत तेजी से बढ़ा है। फार्मास्युटिकल ड्रग्स- जब सीमा पर हेरोइन की सप्लाई कम होती है, तो तस्कर पड़ोसी और अन्य राज्यों से अवैध रूप से निर्मित दवाइयों (जैसे ट्रामाडोल, एल्प्राजोलम और कोडीन सिरप) की तस्करी करते हैं। पंजाब पुलिस के विश्लेषण के अनुसार, ये फार्मास्युटिकल नशों की खेप मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के अवैध या गैर-अनुपालन वाले मेडिकल नेटवर्क से पंजाब पहुंचती है। पारंपरिक नशा- पंजाब में ड्रग्स की कोई प्राकृतिक पैदावार नहीं होती। इसकी 100ः मांग बाहरी और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए पूरी की जाती है। पुलिस के अनुसार, अफीम और भुक्की (पोस्त) जैसे पारंपरिक नशे देश के ही अन्य राज्यों; जैसे मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों से अवैध रास्तों के जरिए पंजाब में लाए जाते हैं।
यह भी पढ़ें –SIR के खिलाफ विपक्ष की याचिका में 14 खामियां, SC रजिस्ट्री ने बताया- याचिकाकर्ताओं की लिखित सहमति नहीं
यह भी देखें – “एक पूर्व विधायक को घर के अंदर…”, अतर सिंह भड़ाना की मौत के बाद भड़के लोग



