Raghav Chadha News: आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) से राज्यसभा सांसद राघव चड्डा को बड़ा झटका लगा है. पार्टी ने राघव चड्डा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया है. AAP के सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित किया है कि सांसद राघव चड्ढा को संसद में बोलने का समय नहीं दिया जाना चाहिए. इसके अलावा, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर सांसद राघव चड्ढा के स्थान पर सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त करने का अनुरोध किया है.
संसद में जनहित के मुद्दों को उठाने पर हो रही थी चर्चा
बता दें कि पिछले कुछ महीनों से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) संसद में लगातार लोगों से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे थे. जिसमें डिलीवरी बॉयज से लेकर एयरपोर्ट पर 10 रुपये की चाय तक के कई मुद्दे शामिल हैं. इसी बीच पार्टी ने उनपर एक्शन लिया है. सूत्रों की मानें तो राघव चड्डा पार्टी से बिना चर्चा किए कुछ मुद्दों पर संसद में बोल रहे थे. वे राज्यसभा में किस मुद्दे पर बोलने वाले हैं, उसकी जानकारी भी पार्टी को नहीं देते थे. जिसको लेकर आम आदमी पार्टी ने उन्हें चेतावनी भी दी थी. हालांकि पार्टी की तरफ से अभी उनके खिलाफ एक्शन के पीछे का कारण नहीं बताया है. लेकिन राघव चड्डा पर एक्शन की वजह अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन के तहत काम न करना हो सकता है.
यह भी पढ़ें: CAPF रेगुलेशन बिल पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला, कहा- जो किया है वो अन्यायपूर्ण…
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में 10 सदस्य हैं
बता दें कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के फिलहाल 10 सदस्य हैं. जिसमें से 7 पंजाब और 3 दिल्ली से हैं. 2025 में दिल्ली चुनावों में पार्टी की हार के बाद राघव चड्डा (Raghav Chadha)ने खुद को पार्टी के एजेंडे या नेताओं से काफी हद तक दूर कर लिया है. इसके बजाय वे लगातार सार्वजनिक हित से जुड़े मुद्दों को संसद में उठा रहे हैं. दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के शराब घोटाला मामले में राउज एवन्यू कोर्ट से बरी होने पर भी राघव चड्डा की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया था. पार्टी के मुख्य मुद्दों पर चुप्पी से उनके पार्टी छोड़ने की अफवाहें फैल गई थी. खासकर उस समय जब उन्हें असम के लिए पार्टी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट से बाहर कर दिया गया था.



