मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक मामूली-सा विवाद तनाव और मारपीट में बदल गया। न्यू ब्लॉक चौराहे पर दो दुकानदारों के बीच गरमागरमी इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई और झगड़े के दौरान एक दुकानदार का सिर फूट गया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डोसा की भाप बनी विवाद की वजह
घटना न्यू ब्लॉक क्षेत्र की है, जहां एक दुकान डोसा और चाट की है, जबकि उसके पास ही एक गिफ्ट सेंटर संचालित होता है। गिफ्ट शॉप मालिक का कहना है कि डोसा बनाते समय उठने वाली तीखी भाप से दुकान में आने वाले ग्राहकों को परेशानी होती है। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर पहले भी दोनों दुकानदारों के बीच कई बार बातचीत हो चुकी थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
कहासुनी से मारपीट तक मामला पहुंचा
गुरुवार देर शाम स्थिति फिर बिगड़ गई। भाप को लेकर शुरू हुई बहस अचानक झगड़े में बदल गई और दोनों दुकानों के स्टाफ भी इसमें शामिल हो गए। हाथापाई के दौरान एक दुकानदार के सिर पर चोट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
झगड़े के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सोशल मीडिया पर इस मारपीट का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
इलाज जारी, पुलिस कर रही जांच
मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।



