उत्तर प्रदेश बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर दिल्ली में राजनीतिक गतिविधि काफी तेज हो गई हैं। दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और संगठन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद अब संकेत मिल रहे हैं कि यूपी बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष 15 दिसंबर (रविवार) को घोषित किया जा सकता है।
लखनऊ में पूरी होंगी अंतिम औपचारिकताएं
पार्टी संगठन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यूपी में संगठन चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े 13 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेंगे। यहां चुनाव घोषणा, नामांकन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
अगर एक ही नेता का नामांकन होगा तो अगले दिन सीधे अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। लेकिन यदि एक से अधिक नाम सामने आए, तो प्रक्रिया चुनाव की तरफ बढ़ सकती है।
किस समुदाय से होगा नया अध्यक्ष?
संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं में यह बताया जा रहा है कि इस बार प्रदेश अध्यक्ष का पद किसी ओबीसी समाज के नेता को सौंपा जा सकता है। बीजेपी के अंदर यह माना जा रहा है कि आगामी चुनावी रणनीति में यह सामाजिक समीकरण अहम भूमिका निभाएगा।
दिल्ली में हुई अहम बैठक
दिल्ली में गृह मंत्री के आवास पर हुई बैठक में प्रदेशों के संगठन चुनावों पर विस्तृत चर्चा की गई, खासकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा पर। बैठक करीब एक घंटे तक चली।
इससे पहले यूपी बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष ने भी दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी।
संगठन चुनाव की तैयारियां पूरी
सूत्रों का कहना है कि यूपी संगठन चुनाव से पहले सभी जिलों से संबंधित रिपोर्ट, सुझाव और नामों पर फीडबैक तैयार कर लिया गया है। इसी आधार पर अंतिम नाम तय किया जाएगा और रविवार को नई कमान सौंपे जाने की संभावना है।



