Asaduddin Owaisi : केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी के मस्क को लेकर दिए बयान की तारीफ की। रिजिजू ने एक्स पर लिखा कि कभी-कभी ओवैसी भारत के राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर समझदारी वाली बातें करते हैं। हालांकि उनकी कट्टर मुस्लिम-केंद्रित नीतियों का विरोध किया जाता है। रिजिजू ने कहा कि अगर विपक्ष के कुछ नेता उनकी बात नहीं सुनना चाहते, तो उन्हें ओवैसी से सीखना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा, अब साफ हो गया है कि कौन एंटी-इंडिया गैंग है।
ओवैसी ने एलॉन मस्क पर बोला था हमला
इससे पहले असदुद्दीन ओवैसी ने 14 अक्टूबर को एक कार्यक्रम में कहा था कि नरेंद्र मोदी से मेरे 100 मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मैं अपने देश और संवैधानिक पद का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। हमें दुनिया में सबसे सस्ता डेटा मिल रहा है। कोई गोरा हमें हुक्म नहीं दे सकता। एलॉन मस्क पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी हैं और आगे भी रहेंगे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी विदेशी कारोबारी को भारत के प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह की टिप्पणी करने की छूट दी जाए। उन्होंने सवाल उठाया था कि बीजेपी और मोदी सरकार विदेशी कारोबारी के सामने जवाब देने से क्यों हिचक रही है।
स्टारलिंक की सेवाओं को लेकर विवाद
यह विवाद मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत में व्यावसायिक सेवाएं शुरू करने की मंजूरी मिलने में हो रही देरी से जुड़ा है. मस्क ने आरोप लगाया था कि भारत में कारोबारी हित उनकी कंपनी के बाजार में प्रवेश में बाधा डाल रहे हैं. उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी का नाम लेते हुए भी सवाल उठाए थे. ओवैसी ने कहा था कि भारत के संसाधनों का इस्तेमाल कैसे होगा, यह फैसला देश खुद करेगा. उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने का मतलब यह नहीं है कि किसी विदेशी कारोबारी को भारत की नीतियों पर हावी होने दिया जाए.
राहुल गांधी ने भी मस्क की टिप्पणी पर साधा था निशाना
एलॉन मस्क की टिप्पणी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी थी. मस्क ने जब पूछा कि क्या मुकेश अंबानी भारत के असली बॉस हैं, तो राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “भारत में आपका स्वागत है, एलॉन. उस दूसरे शख्स के बारे में जानने तक इंतजार कीजिए.” राहुल की इस टिप्पणी को गौतम अडानी और प्रधानमंत्री मोदी के संबंधों पर कांग्रेस के पुराने आरोपों से जोड़कर देखा गया.
यह भी पढ़ें –कोटा के कोचिंग सेंटर में खूनी झड़प, छात्र ने दूसरे स्टूडेंट पर किया टॉय गन की बट से जानलेवा हमला
यह भी देखें – जयपुर से महज 18 KM दूर… विकास से कोसों दूर नांगल पुरोहितान!



